गोंडा में ARTO टीम की जांच के दौरान हंगामा:सवारी भर रही कार को पकड़ने पर परिवहन टीम से भिड़े चालक, पत्थर लेकर हमले की कोशिश

गोंडा में ARTO टीम की जांच के दौरान हंगामा:सवारी भर रही कार को पकड़ने पर परिवहन टीम से भिड़े चालक, पत्थर लेकर हमले की कोशिश

गोंडा नगर कोतवाली क्षेत्र में अवैध रूप से सवारी ढो रही निजी कार को पकड़ने पहुंची परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार चालक और उसके साथी ने टीम के साथ हाथापाई की और पत्थर उठाकर हमला करने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोमवार देर रात सामने आया, जिसमें एक युवक हाथ में पत्थर लेकर टीम को धमकाता नजर आ रहा है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 13 अगस्त की शाम करीब 5 बजे गुरुनानक चौराहे के पास की है। एआरटीओ आरसी भारतीय, प्रवर्तन पर्यवेक्षक वजीर अहमद, सिपाही श्याम पाल और चालक मो. अकरम एक कार्यशाला से लौट रहे थे। इसी दौरान टीम ने रोडवेज बस स्टैंड से करीब 300 मीटर दूर निजी आर्टिगा कार संख्या UP32RZ1632 को सवारी भरते देखा। कार से ‘लखनऊ-लखनऊ’ की आवाज लगाकर यात्रियों को बैठाया जा रहा था। कार जब्त करने की कोशिश पर हंगामा परिवहन विभाग की टीम ने कार को रोककर उसे कार्यालय ले जाने की कार्रवाई शुरू की। आरोप है कि करीब 200 मीटर आगे पहुंचने पर चालक मोहम्मद कैफ पुत्र असलम, निवासी मनोहरा जरवल, बहराइच ने टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी। उसने टीम पर गाड़ी चढ़ाने की धमकी दी और मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। इस दौरान कुछ अन्य डग्गामार चालकों के समर्थन से वह कार की छत पर चढ़कर हंगामा करने लगा। साथी ने पत्थर उठाकर हमले की कोशिश की आरोप है कि कार में बैठे उसके साथी ने सड़क से दो बड़े पत्थर उठा लिए और प्रवर्तन टीम पर हमला करने का प्रयास किया। वह टीम को धमकी देते हुए कार को वहां से भगा ले जाने की बात कह रहा था। स्थिति बिगड़ती देख एआरटीओ ने सीओ ट्रैफिक और गुरुनानक चौकी प्रभारी को सूचना देकर मौके पर बुलाया। आरोप है कि मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की। पुलिस ने कार समेत आरोपियों को हिरासत में लिया पुलिस बल पहुंचने के बाद आरोपी वाहन चालक को कार समेत हिरासत में ले लिया गया। प्रवर्तन दल की तहरीर पर नगर कोतवाली में मोहम्मद कैफ और उसके एक साथी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और दुर्व्यवहार समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चौकी प्रभारी को सौंपी गई जांच नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रवर्तन दल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच गुरुनानक चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार को सौंपी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *