गुरुग्राम जिले के मानेसर नगर निगम की टैक्स विंग ने प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों के खिलाफ कार्रवाई की है। सोमवार को निगम की टीम ने 7 करोड़ 67 लाख रुपए के बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वाले 2 कमर्शियल टावरों को सील कर दिया। टैक्स असिस्टेंट उदय सिंह के नेतृत्व में नवीन, भरत और नितेश की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने सबसे पहले सेक्टर-8 स्थित प्लॉट नंबर सीपी-2 पर बने कमर्शियल टावर को सील किया, जिस पर करीब 7 करोड़ 7 लाख रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। इसके बाद, सेक्टर-2 स्थित अमरापाली कॉरपोरेट हब के जे टावर को भी सील किया गया, जिस पर लगभग 60 लाख रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। दोनों संपत्तियों पर कुल 7 करोड़ 67 लाख रुपए की राशि बकाया थी। आयुक्त बोले- डिफाल्टरों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा नगर निगम के संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव ने बताया कि निगम प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में कई व्यावसायिक इमारतें हैं, जिन पर लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। इन संपत्ति मालिकों को बकाया टैक्स जमा कराने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया। ‘डिफाल्टरों की संपत्तियों को नियमानुसार सील किया जाएगा’ संयुक्त आयुक्त यादव ने स्पष्ट किया कि नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं कराने वाले डिफाल्टरों की संपत्तियों को नियमानुसार सील किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सीलिंग के बाद भी यदि संबंधित संपत्ति मालिक बकाया टैक्स जमा नहीं कराते हैं, तो निगम नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा। अधिकारियों के अनुसार, टैक्स वसूली का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

