झमाझम बारिश से मुंडेरा की गलियां बनी तालाब:नाला और सीवर निर्माण में गड़बड़ी से जलनिकासी ठप, घरों में घुसा पानी

झमाझम बारिश से मुंडेरा की गलियां बनी तालाब:नाला और सीवर निर्माण में गड़बड़ी से जलनिकासी ठप, घरों में घुसा पानी

प्रयागराज के मुंडेरा मंडी के पीछे स्थित मूल मुंडेरा गांव में भारी बारिश के बाद जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। पूरा मोहल्ला तालाब में तब्दील हो गया है, जिससे घरों में गंदा पानी घुस गया और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस जलभराव का मुख्य कारण इलाके में कराए गए नाला और सीवर निर्माण में बरती गई गंभीर अनियमितताएं हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की उचित निकासी के लिए नाले और सीवर का कनेक्शन सही ढंग से नहीं किया गया है। सीवर लाइनें आवश्यकता से अधिक पतली डाली गई हैं। इसके अतिरिक्त, मोहल्ले के पानी की मुख्य निकासी के साथ उचित तालमेल नहीं बिठाया गया है। नाली और सीवर का ढाल भी ठीक न होने के कारण पानी आगे बढ़ने के बजाय घरों की ओर लौट रहा है। मोहल्ले की निवासी उषा देवी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा, “घर में चारों तरफ पानी भर जाने से हमारा राशन और कपड़े भीग गए हैं। बच्चे भूखे हैं और हमारे पास खाने-पीने का कुछ नहीं बचा है।” एक अन्य निवासी राहुल यादव ने कहा कि यह मोहल्ला हमेशा से विकास से वंचित रहा है। नाली और सीवर का ढाल तकनीकी रूप से गलत है, जिसके कारण पानी की निकासी का कोई मार्ग नहीं बचा है। प्रशासनिक उदासीनता और खराब निर्माण कार्यों से त्रस्त ग्रामीणों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। आक्रोशित महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने सड़कों पर भरे गंदे पानी के बीच खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मोहल्ले के बच्चा यादव ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभासद क्षेत्र की सुध नहीं ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नाली, नाला और सीवर का निर्माण मानकों को दरकिनार कर घटिया तरीके से कराया गया है, जिसका खामियाजा पूरा मोहल्ला भुगत रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *