छिंदवाड़ा के पोआमा रेलवे ट्रैक पर सोमवार को युवती ने ऑटो से उतरकर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। घटना देहात थाना क्षेत्र की है, युवती ट्रेन की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गई। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद ट्रेन करीब आधे घंटे तक रुकी रही। पटरी से युवती को हटाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ऑटो से आई कुछ देर रुकी फिर पटरी पर कूदी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 5 बजे युवती परासिया की ओर से ऑटो से पोआमा पहुंची थी। रेलवे ट्रैक के पास उतरने के बाद वह कुछ देर वहां रही और अचानक सामने आ रही ट्रेन के आगे कूद गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने युवती को पटरी से हटाकर सड़क किनारे पहुंचाया और तत्काल जिला अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की पहचान नहीं हो सकी पुलिस के अनुसार, मृतका की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों और ऑटो चालक से पूछताछ कर युवती की पहचान के प्रयास कर रही है। साथ ही, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

