कानपुर डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने सोमवार को गंगा किनारे कटरी के प्राथमिक विद्यालय लोधवा खेड़ा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में तैनात 5 शिक्षकों में से 4 नदारद मिले, केवल शिक्षामित्र महेश प्रसाद मौजूद थे। इसके साथ ही स्कूल में 106 में से महज 3 बच्चे मौजूद मिले। डीएम ने विद्यालय में शिक्षक एवं विद्यार्थियों की अत्यंत कम उपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने का आदेश दिया। औचक निरीक्षण में सामने आई शिक्षकों की लापरवाही डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक समेत चार शिक्षकों के नदारद होने और 106 में महज 3 बच्चों के उपस्थिति पर नाराजगी जताई। जांच में पता चला कि प्रभारी प्रधानाध्यापक रंजना गुप्ता और शिक्षिका क्षमा श्रीवास्तव आकस्मिक अवकाश पर थीं। साफिया खातून अंसारी बीआरसी में आयोजित प्रशिक्षण में गई थीं, जबकि सबीहा हसन जैदी चिकित्सकीय अवकाश पर थीं। विद्यालय में केवल शिक्षामित्र महेश प्रसाद उपस्थित मिले। डीएम ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी का दायित्व था कि शिक्षकों के अवकाश एवं प्रशिक्षण के बावजूद विद्यालय में पठन-पाठन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एक ही दिन अधिकांश शिक्षकों के विद्यालय में उपस्थित न रहने से शिक्षण कार्य प्रभावित होना गंभीर विषय है। उन्होंने भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। डीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने का आदेश दिया। औचक निरीक्षण के बाद से स्कूल की कलई खुल गई। इस दौरान गांव के लोगों ने बताया कि शिक्षकों की लापरवाही के चलते बच्चों ने स्कूल आना छोड़ दिया है। इस वजह से महज तीन बच्चे स्कूल में मिले। डीएम ने स्कूल की सभी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द बेहतर करने का आदेश दिया। बच्चों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति का आदेश दिया डीएम ने 106 के सापेक्ष केवल तीन विद्यार्थियों की उपस्थिति पर भी जवाबदेही तय करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार विद्यार्थियों के लिए रोटी और सब्जी तैयार की जा रही थी। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, तहसीलदार सदर विनय कुमार द्विवेदी सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

