यूरिया खाद किल्लत: झाबुआ-मेघनगर मार्ग पर किसानों का चक्काजाम:विधायक वीरसिंह भूरिया पहुंचे मौके पर, सरकार पर उठाए सवाल

यूरिया खाद किल्लत: झाबुआ-मेघनगर मार्ग पर किसानों का चक्काजाम:विधायक वीरसिंह भूरिया पहुंचे मौके पर, सरकार पर उठाए सवाल

झाबुआ के मेघनगर में यूरिया खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने सोमवार को मेघनगर-झाबुआ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसान पिछले शुक्रवार से खाद के लिए लंबी कतारों में खड़े थे, लेकिन उन्हें समय पर यूरिया नहीं मिल पा रहा था, जिसके बाद उनका गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही थांदला विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरसिंह भूरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत की और खाद की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली। किसानों ने विधायक को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। विधायक भूरिया ने खाद संकट को लेकर सरकार और स्थानीय प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने किसानों की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की। विधायक ने अधिकारियों से चर्चा करते हुए बताया कि उन्होंने पूर्व में भी विधानसभा सत्र के दौरान खाद की किल्लत का मुद्दा उठाया था और सरकार को समय पर खाद उपलब्ध कराने की चेतावनी दी थी। वीरसिंह भूरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोदामों में उपलब्ध खाद को तुरंत किसानों को उनकी मांग के अनुसार वितरित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे किसान अपनी फसल बचा सकेंगे और अपना जीवनयापन कर पाएंगे। MLA ने दिए खाद उपलब्ध कराने के निर्देश इसी दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया भी किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से चर्चा कर किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कांतिलाल भूरिया ने भाजपा सरकार पर किसान विरोधी होने और जानबूझकर किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया। थांदला विधायक वीरसिंह भूरिया ने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों को उनके गांवों में ही पर्याप्त खाद मिल जाता था, जिससे उन्हें कभी किल्लत का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार पर खाद की कालाबाजारी करवाकर बड़े व्यापारियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *