ईओ को वापस बसेड़ी लगाने की मांग:कर्मचारियों, नागरिकों ने स्वायत्त शासन मंत्री को सौंपा ज्ञापन, कार्यशैली की सराहना

ईओ को वापस बसेड़ी लगाने की मांग:कर्मचारियों, नागरिकों ने स्वायत्त शासन मंत्री को सौंपा ज्ञापन, कार्यशैली की सराहना

धौलपुर की बसेड़ी नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) श्याम बिहारी गोयल को पुनः बसेड़ी में पदस्थापित करने की मांग की गई है। नगरपालिका कर्मचारियों, सफाईकर्मियों और नागरिकों ने इस संबंध में स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में गोयल को एपीओ किए जाने पर आमजन और गणमान्य नागरिकों में निराशा व्यक्त की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि श्याम बिहारी गोयल के कार्यकाल में कई वर्षों से लंबित कॉलोनियों को लेआउट प्लान में शामिल कर पट्टे स्वीकृत किए गए। इससे इन कॉलोनियों के नियमन और विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ। संबंधित क्षेत्रों में सड़क, नाली और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास को भी गति मिली। इसके अतिरिक्त, नगरपालिका शिविरों के माध्यम से सालों से लंबित जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए और बड़ी संख्या में पट्टों का वितरण हुआ। इन कदमों से आमजन को राहत मिली और नगरपालिका कार्यालय की व्यवस्थाओं तथा कार्यप्रणाली में भी सुधार देखा गया। ज्ञापन में गोयल की पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यशैली, प्रभावी जनसुनवाई और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की सराहना की गई है। कर्मचारियों और नागरिकों का कहना है कि उनके कार्यकाल में आमजन की समस्याओं का समाधान हुआ और नगरपालिका क्षेत्र के विकास को गति मिली। मंत्री से आग्रह किया गया है कि श्याम बिहारी गोयल को पुनः अधिशासी अधिकारी के पद पर बसेड़ी नगरपालिका में पदस्थापित किया जाए। इसका उद्देश्य क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को निरंतर गति देना और आमजन को उनकी सेवाओं का लाभ मिलता रहना है। ज्ञापन पर नगरपालिका कर्मचारी वर्ग एवं सफाईकर्मियों के हस्ताक्षर हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *