अलीगढ़ के गोरई थाना क्षेत्र के श्यामगढ़ी बकला गांव में सांप के डसने से 9 साल की बच्ची की मौत हो गई। रविवार रात खाना खाने के बाद कमरे में जाते समय सांप ने उसके पैर में डस लिया। बकला गांव निवासी हरेंद्र सिंह की बेटी रिया कुमारी रविवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद सोने के लिए कमरे में जा रही थी। जैसे ही उसने कमरे का दरवाजा खोला, कोने में बैठे सांप ने उसके पैर में डस लिया। परिजन तुरंत उसे बायगीर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मायावती सरकारी अस्पताल वृंदावन रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रिया को मृत घोषित कर दिया। रिया चार भाई-बहनों में दूसरी थी। उसके तीन बहनें और एक भाई है। पिता हरेंद्र सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। बारिश के मौसम में सांप-बिच्छू निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ग्रामीणों ने गांव में दवा का छिड़काव कराने और सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

