भोपाल में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पुलिस जांच में आशंका है कि दो करोड़ रुपए कमाने के लालच में किशोर को निशाना बनाया गया। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला किशोर परिवार का इकलौता बेटा था और मोती मस्जिद, इकबाल मैदान सहित आसपास के इलाकों में फेरी लगाकर पेन-कॉपी बेचता था। उसकी कमाई से ही परिवार का खर्च चलता था। किशोर 6 अगस्त को इकबाल मैदान क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ था। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। करीब पांच दिन बाद 11 अगस्त को उसका शव छोटे तालाब से बरामद हुआ। शव की स्थिति के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी। बाद में कपड़ों और चप्पलों के आधार पर 14 अगस्त को परिजन ने उसकी पहचान की। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। नाबालिग से पूछताछ में सामने आई साजिश रविवार को मुखबिर की सूचना पर तलैया थाना पुलिस ने एक नाबालिग संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके द्वारा किशोर की हत्या और शव के एक हिस्से को अलग किए जाने से जुड़ी जानकारी देने की बात सामने आई है। पुलिस ने जोहेब, नेहा समेत अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। फिलहाल करीब 13 लोगों से पूछताछ की जा रही है, जिनमें नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि कुछ लोगों ने नाबालिगों को कथित तौर पर यह लालच दिया था कि शरीर के एक विशेष अंग को विदेश भेजकर करोड़ों रुपए कमाए जा सकते हैं। इसी लालच में किशोर को मदद का भरोसा देकर सुनसान स्थान पर ले जाने की बात सामने आई है। विदेश भेजने के नाम पर 2 करोड़ का लालच जांच में सामने आए आरोपों के अनुसार किशोर की हत्या के बाद उसके शरीर के एक हिस्से को अलग किया गया और उसे कुछ लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। आरोपियों ने कथित तौर पर नाबालिगों को भरोसा दिलाया था कि यह हिस्सा दिल्ली के रास्ते विदेश भेजकर करीब दो करोड़ रुपए हासिल किए जा सकते हैं और रकम में सभी को हिस्सा मिलेगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित सौदे के पीछे कौन लोग हैं और विदेश भेजने की योजना में किन लोगों की भूमिका थी। लापता हिस्से की तलाश जारी आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार रात कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। छोटे तालाब और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश की गई, लेकिन शव का लापता हिस्सा अभी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों और आरोपों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। एक और किशोर ने हत्या की कोशिश का लगाया आरोप मामले की जांच के दौरान एक अन्य 17 वर्षीय किशोर भी पुलिस के पास पहुंचा। देर रात परिजनों के साथ थाने पहुंचे किशोर ने शिकायत में आरोप लगाया कि संदिग्धों ने उसे भी निशाना बनाने की कोशिश की थी। उसने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे पकड़ लिया था और गला दबाने की कोशिश की। हथियार दिखाए जाने के बाद वह किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर भाग गया। किशोर के मुताबिक, आरोपी आपस में हत्या के बाद शरीर से संबंधित हिस्सा निकालने की बात कर रहे थे। पुलिस अब इस शिकायत की भी जांच कर रही है और दोनों घटनाओं के बीच संबंध की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस का फोकस आरोपों की पुष्टि, शव के लापता हिस्से की बरामदगी और पूरी साजिश में शामिल लोगों की पहचान पर है।


