प्रयागराज के सरायइनायत में रविवार देर रात प्रयागराज-वाराणसी राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हनुमानगंज में सरपतीपुर के पास तीन कांवरियों की बाइक पानी के कंटेनर लगे अप्पे से टकरा गई। हादसे में एक कांवरिए की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल भेजा गया है।
रात करीब 10 बजे हुआ हादसा
हादसा रविवार रात करीब 10 बजे प्रयागराज-वाराणसी राजमार्ग पर हुआ। तीनों कांवरिए एक ही बाइक पर सवार होकर वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हनुमानगंज में सरपतीपुर के पास उनकी बाइक पानी के कंटेनर लगे वाहन से टकरा गई।
टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे। तीनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। तीनों के सिर में पहुंची गंभीर चोट सूचना मिलने पर सरायइनायत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों कांवरियों को सड़क से हटवाकर अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। इनमें से एक कांवरिए की मौत हो गई, जबकि दो को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया। तीनों के सिर में गंभीर चोट पहुंची थी। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हादसे में एक कांवरिए की मौत हुई है, जबकि दो को अस्पताल भेजा गया है। हादसा कैसे हुआ, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। पूरे मामले की जांच-पड़ताल कराई जा रही है।
अप्पे से कैसे टकराई बाइक हादसे की सूचना के बाद मौके पर एसीपी और सरायइनायत के एसओ भी पहुंच गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक पानी के कंटेनर लदे अप्पे से किस परिस्थिति में टकराई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। मृतक और दोनों घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी की जा रही है।


