Gujarat: गांवों में परिवारों को निजी जमीन खरीदकर निःशुल्क आवासीय प्लॉट देगी राज्य सरकार

Gujarat: गांवों में परिवारों को निजी जमीन खरीदकर निःशुल्क आवासीय प्लॉट देगी राज्य सरकार

Ahmedabad. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाउसिंग फॉर ऑल के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पात्र परिवारों को घर के लिए नि:शुल्क प्लॉट देने के लिए निजी जमीन भी खरीदेगी। यदि ग्राम पंचायतों के पास ग्रामीण आवासीय भूमि की, सरकारी खाली या बंजर, गौचर जमीन की पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं है, ऐसे परिवारों को निःशुल्क प्लॉट देने के लिए निजी जमीन खरीदी जोगी।

सीएम शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस पर अमरेली में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी दी।

मुख्यमंत्री ने राज्य के सड़क नेटवर्क को अधिक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए 214 सड़कों के 210 किलोमीटर हिस्से के नवीनीकरण एवं सुधार के लिए 3,428 करोड़ रुपए आवंटित करने की घोषणा की।

आंगनबाड़ी बच्चों के पोषण पर 67 फीसदी अधिक खर्च

राज्य की आंगनबाडि़यों में आने वाले 3 से 6 वर्ष की आयु के 16.75 लाख से अधिक बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार के लिए स्थानीय खरीद दर में 67 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। अब गर्म नाश्ते के लिए प्रति बच्चे प्रतिदिन 5.10 रुपए के बजाय सरकार 8.50 रुपए की आर्थिक सहायता देगी। इसके लिए 173 करोड़ की अतिरिक्त राशि आवंटित की है। यह पूरक पोषण वर्ष में 300 दिन दिया जाता है।

अब 10 लाख वार्षिक आय वालों के बच्चों को विदेशी शिक्षा लोन

सीएम ने घोषणा की कि विदेश में उच्च शिक्षा के लिए जाने वाले गैर-आरक्षित वर्ग (सामान्य वर्ग) के युवाओं को विदेश अध्ययन ऋण योजना में पारिवारिक वार्षिक आय सीमा बाधक नहीं होगी। मौजूदा 6 लाख की वार्षिक को बढ़ाकर 10 लाख रुपए कर दिया है। गुजरात बिन-अनामत शैक्षणिक और आर्थिक विकास निगम की ओर से अब 10 लाख वार्षिक आय वाले लोगों के बच्चों को योजना के तहत ऋण दिया जाएगा।

‘शक्ति की सप्तधारा’ साकार करने में गुजरात रहेगा आगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 2047 के विकसित भारत के लिए ‘शक्ति की सप्तधारा’ की घोषणा की है। मैन्युफैक्चरिंग पावर, एग्रीकल्चर एंड फूड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी, इनोवेशन गतिशक्ति, रक्षा शक्ति और सॉफ्ट पावर जैसे क्षेत्रों में भारत को और विकसित करने का लक्ष्य है। गुजरात इस लक्ष्य को साकार करने में अग्रणी रहेगा।

13,255 एमओयू से 15.89 लाख करोड़ का निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ के लक्ष्य के साथ आयोजित चार वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज्य में 15.89 लाख करोड़ के 13,255 एमओयू हुए हैं। इससे एमएसएमई और पारंपरिक उद्योगों सहित नए क्षेत्रों को नई ऊर्जा मिलेगी। गुजरात देश के कुल कार्गो हैंडलिंग में 40 फीसदी से अधिक योगदान देकर ब्लू इकोनॉमी का नेतृत्व कर रहा है।

कॉमनवेल्थ गेम्स-2030 की मेजबानी गौरव की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात को ‘कॉमनवेल्थ गेम्स-2030’ की मेजबानी का गौरव मिला है। यह राज्य की आयोजन क्षमता और वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *