95 साल की दादी को कांवड़ में बैठाकर निकला पोता:फर्रुखाबाद में 80 किमी पैदल यात्रा पर निकला, मन्नत पूरी होने पर अनोखी आस्था

95 साल की दादी को कांवड़ में बैठाकर निकला पोता:फर्रुखाबाद में 80 किमी पैदल यात्रा पर निकला, मन्नत पूरी होने पर अनोखी आस्था

फर्रुखाबाद में एक पोते द्वारा अपनी 95 वर्षीय दादी को कांवड़ में बैठाकर पैदल यात्रा करने का अनोखा मामला सामने आया है। एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव नंदराला निवासी 20 वर्षीय शनि कुमार अपनी दादी नन्ही देवी को कांवड़ में बैठाकर लगभग 80 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकले हैं। यह यात्रा एक मन्नत पूरी होने के बाद शुरू की गई है। शनि कुमार ने अपनी कांवड़ में 51 लीटर गंगाजल भरा है और दूसरी ओर अपनी दादी नन्ही देवी को बैठाया है। उन्होंने बीते शनिवार सुबह पांचाल घाट गंगातट से गंगाजल भरा और गांव नंदराला के लिए पैदल रवाना हो गए। यह यात्रा फर्रुखाबाद से फैजबाग, कायमगंज और अलीगंज होते हुए पूरी होगी। रविवार देर शाम तक यह कांवड़ यात्रा कायमगंज पहुंच चुकी थी। शनि कुमार ने अपनी मन्नत के बारे में सार्वजनिक रूप से विस्तृत जानकारी नहीं दी है, लेकिन उनका कहना है कि यह उनके जीवन से जुड़ी सबसे बड़ी घटना थी। उन्होंने बताया कि उनकी लंबे समय से इच्छा थी कि वह अपनी दादी को कांवड़ यात्रा पर लेकर जाएं। करीब 80 किलोमीटर की इस यात्रा को शनि लगभग 48 घंटे में पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। गांव पहुंचने के बाद वह सोमवार को गांव के शिव मंदिर में गंगाजल चढ़ाएंगे। शनि कुमार अकेले इस यात्रा पर नहीं निकले हैं। उनके साथ उनके भाई अजय, अर्जुन और गांव व रिश्तेदारी के करीब 40 लोग भी पैदल चल रहे हैं। यात्रा के दौरान एक ट्रैक्टर पर डीजे भी चल रहा है, जिस पर लगातार शिव भजन गूंज रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *