कौशांबी में चाहली टूटने से युवक की मौत:परिजनों ने समय पर इलाज नहीं मिलने का लगाया आरोप

कौशांबी में चाहली टूटने से युवक की मौत:परिजनों ने समय पर इलाज नहीं मिलने का लगाया आरोप

कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के उपहार गांव में रविवार को राजगीरी का काम करते समय चाहली टूटने से युवक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी युवक उसे कशिया स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन बाद में उसे अस्पताल के बाहर छोड़कर चले जाने का आरोप है। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाए गए युवक की रात करीब 8:30 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान उपहार गांव निवासी रंजीत कुमार प्रजापति (30) पुत्र चौबे लाल प्रजापति के रूप में हुई है। रंजीत गांव में ही राजगीर का काम करता था। रविवार को वह अन्य मजदूरों के साथ निर्माण कार्य में लगा था। इसी दौरान अचानक चाहली टूट गई और रंजीत नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। परिजनों के मुताबिक, साथी मजदूर घायल रंजीत को कशिया स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मंझनपुर स्थित जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रंजीत के साथ काम करने वाले मजदूर उसे अस्पताल के बाहर छोड़कर चले गए, जिससे उसे समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका और उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 8:30 बजे रंजीत ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *