वंदे मातरम विवाद: बेगूसराय में BJP का आक्रोश मार्च, गिरिराज सिंह बोले- मोदी जी को गाली देते-देते देश को बदनाम करने लगी कांग्रेस

वंदे मातरम विवाद: बेगूसराय में BJP का आक्रोश मार्च, गिरिराज सिंह बोले- मोदी जी को गाली देते-देते देश को बदनाम करने लगी कांग्रेस

BJP protest Begusarai: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के नेतृत्व में बेगूसराय में BJP कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान के विरोध में मार्च निकाला। काली पट्टी बांधकर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन किया और राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के पुतले जलाए। 

Vande Mataram controversy: राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ को लेकर चल रहे विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रविवार को बिहार के बेगूसराय में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने GD कॉलेज से एक बड़ा विरोध मार्च निकाला। काली पट्टी बांधे BJP कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ और ‘राहुल गांधी शर्म करो’ जैसे नारे लगाए और साथ ही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला भी फूंका।

गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर साधा निशाना

विरोध मार्च के दौरान मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन तीनों नेताओं ने मिलकर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का अपमान किया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ सिर्फ एक गीत नहीं है, बल्कि भारत के राष्ट्रीय आत्म-सम्मान और गौरव का प्रतीक है। यह एक ऐसा गीत है जिसे गाते हुए हमारे पूर्वजों ने आजादी की लड़ाई के दौरान खुशी-खुशी अपनी जान कुर्बान कर दी थी।

मोदी जी को गली देते-देते भारत को बदनाम करने लगी है कांग्रेस- गिरिराज

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि विपक्षी पार्टी देशहित में काम करने के बजाय लगातार देश-विरोधी सोच को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देते-देते कांग्रेस नेता अब भारत को बदनाम करने और ‘वंदे मातरम’ का भी अपमान करने लगे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि देश की जनता और बीजेपी कार्यकर्ता राष्ट्रीय प्रतीकों के ऐसे अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।

शहीदों के बलिदान का अपमान करने वालों को करेंगे बेनकाब- गिरिराज

गिरिराज सिंह ने कहा कि BJP देश भर के हर ज़िले में कांग्रेस पार्टी के इस रवैये के खिलाफ काली पट्टी बांधकर विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग राष्ट्रीय गौरव के प्रतीकों और शहीदों के बलिदान का अपमान करते हैं, उन्हें जनता के सामने बेनकाब किया जाएगा और BJP का लोकतांत्रिक विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक कांग्रेस इस पर जवाबदेह नहीं होती।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *