हनुमानगढ़ में भाजपा नेता अमित साहू के जन्मदिन और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की सातवीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कुल 653 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जबकि 1157 लोगों ने आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान करने के लिए पंजीकरण कराया। जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना उद्देश्य पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि रक्त की एक बूंद भी किसी का जीवन बचा सकती है। शिविर में रक्तदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। युवाओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि भाजपा नेता अमित साहू ने बताया कि इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व को भी याद किया गया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी। उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान जैसे सेवा कार्य का आयोजन उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित रक्त संग्रह के लिए चिकित्सा टीम की ओर से शिविर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। रक्तदान करने वाले लोगों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन ने भी लिया हिस्सा शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी भागीदारी की। आयोजकों ने बताया कि जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़ने की यह पहल भविष्य में भी जारी रहेगी। शिविर के माध्यम से ‘रक्तदान-महादान’ का संदेश देते हुए जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद रक्तदान शिविर में पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री निहालचंद मेघवाल, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व जिलाध्यक्ष बलबीर बिश्नोई, पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची और पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया सहित कई मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, ग्राम व शहरी कार्यकर्ता तथा आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


