रायसेन में रविवार को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित रानी अवंतीबाई लोधी परिसर में समाजजनों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। रायसेन ब्लॉक में जयंती के उपलक्ष्य में करीब 10 से 12 स्थानों पर कार्यक्रम हुए। इनमें रानी अवंतीबाई के त्याग, शौर्य और बलिदान को याद किया गया। आलोक संघ के प्रदेश सचिव रघुवीर सिंह भदौरिया ने समाज को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। नवोदय कोचिंग क्लासेज, ‘छू लो आसमान, किसने रोका है’ अभियान और नीट की तैयारी से जुड़े प्रयासों के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। समाज की एकता पर दिया संदेश जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश लोधी ने समाज से जुड़े विषयों और सामाजिक हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। जिला प्रवक्ता डॉ. कुबेर लोधी ने अशोकनगर जिले की चंदेरी तहसील के महोली चौराहे पर रानी अवंतीबाई की प्रतिमा हटाए जाने और बाद में पुनर्स्थापना के घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि एकजुटता से ही समाज मजबूत होता है। जयघोष के साथ दी श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान लोगों ने रानी अवंतीबाई को श्रद्धांजलि दी। ‘जय लोधेश्वर’, ‘वीरांगना रानी अवंतीबाई अमर रहें’ जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम का समापन नगर अध्यक्ष द्वारा समाजजनों का आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। इस दौरान प्रसाद के रूप में बूंदी और गुलाब जामुन वितरित किए गए। मुख्य कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश लोधी, आलोक संघ के रघुवीर सिंह भदौरिया, प्रदेश महासचिव महिला मोर्चा लीला लोधी, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष रामवती लोधी, नगर अध्यक्ष गोविंद लोधी, उपाध्यक्ष जमुना प्रसाद लोधी, पूर्व नगर अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लोधी और जिला प्रवक्ता डॉ. कुबेर लोधी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।


