अयोध्या में सड़क पर जलभराव से परेशान लोग:बारिश के बाद कीचड़ हो जाता, 1 साल से शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

अयोध्या में सड़क पर जलभराव से परेशान लोग:बारिश के बाद कीचड़ हो जाता, 1 साल से शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

अयोध्या के रुदौली नगर पालिका क्षेत्र के खान मोहल्ले में सड़क की बदहाली और जलभराव से स्थानीय लोग परेशान हैं। बारिश होते ही मुख्य मार्ग पर पानी भर जाता है और लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। बारिश रुकने के बाद भी कई दिनों तक सड़क पर कीचड़ जमा रहता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। सड़क पर जलभराव का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोगों की परेशानी साफ दिखाई दे रही है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए करीब एक साल से नगर पालिका से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय और मुख्यमंत्री तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो पानी निकासी की व्यवस्था हुई और न ही सड़क की मरम्मत कराई गई। लोगों का आरोप है कि छोटी मस्जिद के सामने से सलीम के घर तक जाने वाला यह पुराना मार्ग लंबे समय से जर्जर है, जबकि इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। बारिश होते ही सड़क पर भर जाता है पानी स्थानीय लोगों के मुताबिक, खान मोहल्ले का यह मार्ग बारिश के दिनों में सबसे ज्यादा परेशानी का कारण बन जाता है। बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और लोगों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। पानी कुछ समय बाद कम भी हो जाए तो सड़क पर कीचड़ जमा रहता है। इससे पैदल चलने वालों के साथ बाइक और अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। बच्चों को स्कूल जाने में सबसे ज्यादा दिक्कत जलभराव की वजह से स्कूल जाने वाले बच्चों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बच्चों को सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के आने-जाने का रास्ता है। इसके बावजूद सड़क और जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। एक साल से शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई मोहल्ला निवासी नसीम अंसारी ने बताया कि इस समस्या को लेकर करीब एक साल से शिकायत की जा रही है। नगर पालिका कार्यालय के अलावा जिलाधिकारी कार्यालय और मुख्यमंत्री तक शिकायत भेजी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक जलनिकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। सड़क की मरम्मत भी नहीं कराई गई है। लोगों का कहना है कि हर बारिश में वही समस्या दोबारा खड़ी हो जाती है। पहले भी सड़क ठीक कराने का दिया गया था भरोसा नसीम अंसारी के मुताबिक, पूर्व सभासद सग्गीर के कार्यकाल में इस मार्ग पर कुछ काम कराया गया था। उस समय लोगों को भरोसा दिया गया था कि बजट आने के बाद सड़क को पूरी तरह दुरुस्त करा दिया जाएगा। लेकिन बाद में यह काम आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद से सड़क की हालत लगातार खराब होती गई। नगर पालिका अध्यक्ष और ईओ से भी मांगा समाधान स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष जब्बर अली से भी कई बार सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समस्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि केवल अस्थायी तरीके से पानी हटाने के बजाय सड़क और नाली की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। अधिकारियों से संपर्क का प्रयास, नहीं मिला जवाब इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष रुदौली जब्बर अली और अधिशासी अधिकारी प्रेमनाथ से रविवार, 16 अगस्त को संपर्क करने का प्रयास किया गया। हालांकि, दोनों की ओर से कोई जवाब नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि लगातार शिकायतों और वीडियो सामने आने के बाद नगर पालिका इस समस्या का स्थायी समाधान कराएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *