सोनीपत में स्वतंत्रता दिवस के दिन इंस्टाग्राम पर रील बनाकर खुद का रुतबा दिखाने के चक्कर में युवकों ने शहर की सड़कों को स्टंटबाजी का अड्डा बना दिया। सबसे आगे चल रही स्कॉर्पियो-एन पर पुलिस वाहन जैसी लाल बत्ती और सायरन लगाया गया और उसके पीछे कई गाड़ियों का काफिला बनाकर तेज रफ्तार में शहर की सड़कों पर वाहन दौड़ाए गए। इसी दौरान कुछ युवक चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते रहे। काफिले में शामिल वाहनों पर तिरंगा लगाया गया था, जबकि कई गाड़ियों पर नंबर प्लेट तक नहीं थी। युवकों ने पुलिस की बत्ती और सायरन के सहारे वीडियो में अपना रुतबा दिखाने की कोशिश की, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह रील पुलिस तक पहुंच गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने वीडियो सामने आने के कुछ ही घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए 6 गाड़ियों को पकड़कर इंपाउंड कर दिया और 6 चालकों समेत 2 अन्य युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सबसे पहले जानिए स्टंटबाजी करने वाले कैसे पकड़े… वायरल वीडियो ने खोली स्टंटबाज युवकों की पोल:सिविल लाइन थाना पुलिस के पास 15 अगस्त को थाना प्रबंधक के सरकारी व्हाट्सएप ग्रुप पर स्टंटबाजी का वीडियो पहुंचा। वीडियो में गाड़ियों का काफिला शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार से चलता दिखाई दिया। पुलिस ने वीडियो को गंभीरता से लेते हुए वाहनों और उनमें सवार युवकों की पहचान शुरू की और कुछ ही घंटे में आरोपियों तक पहुंच गई।
इंस्टाग्राम पर रील बनाकर दिखाना चाहते थे रुतबा:थाना प्रभारी परविंद्र सिंह के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि युवकों ने इंस्टाग्राम पर फेमस होने और वीडियो के जरिए अपना रुतबा दिखाने के लिए काफिला निकाला था। सबसे आगे चल रही स्कॉर्पियो पर पुलिस की लाल बत्ती लगाई गई थी और सायरन बजाया जा रहा था। इसके बाद बाकी गाड़ियों को काफिले के रूप में चलाकर वीडियो तैयार की गई।
6 गाड़ियां और 8 युवक पकड़े:पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 6 गाड़ियों को इंपाउंड किया गया है। इनके 6 चालकों के अलावा 2 अन्य युवकों को भी पकड़ा गया। पकड़े गए सभी युवक सोनीपत के रहने वाले हैं और उनकी उम्र करीब 22 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस के अनुसार इनमें ज्यादातर कॉलेज में पढ़ने वाले युवक हैं, जबकि कुछ कारोबारी भी हैं।
सेक्टर-14 की दुकान से खरीदी लाल बत्ती पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो पर लाल बत्ती लगाने वाले युवक ने पूछताछ में बताया कि उसने सेक्टर-14 की एक मार्केट में स्थित दुकान से यह बत्ती खरीदी थी। इसके बाद बत्ती को स्कॉर्पियो पर लगाकर काफिले के साथ वीडियो बनाई गई। पुलिस अब इस मामले में बत्ती और अन्य उपकरण उपलब्ध कराने वाले स्रोत की भी जांच कर रही है। सबसे आगे बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो पुलिस की शिकायत के अनुसार काफिले में सबसे आगे सफेद रंग की स्कॉर्पियो-एन थी। इस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और ऊपर बीकन लाइट व सायरन लगा हुआ था। इसके पीछे काली स्कॉर्पियो-एन HR10AY-2537, सफेद स्कॉर्पियो-एन HR10AX-4532 और अन्य वाहन काफिले में शामिल थे। कई गाड़ियों पर नंबर प्लेट नहीं पुलिस के अनुसार काफिले में सफेद थार, काली स्कॉर्पियो एस-11, काली बलेनो और एक अन्य काली स्कॉर्पियो पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। काफिले में काली क्रेटा HR10AZ-4024 और सफेद आई-10 एनआईओएस DL-11C-0748 भी शामिल थीं। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर उनके दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। कैसे मचा रहे थे हुडदंग… बोनट पर तिरंगा, सड़क पर तेज रफ्तार:वीडियो में काफिले की गाड़ियों पर तिरंगा लगा हुआ दिखाई दिया। वहीं वाहन शहर के आम रास्तों पर तेज गति से चलते नजर आए। सड़क पर अन्य वाहन भी आवागमन कर रहे थे। इसके बावजूद युवकों ने काफिले को बीच सड़क पर चलाते हुए स्टंट किए, जिससे आम वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हुआ। चलती गाड़ी की खिड़की से बाहर निकले युवक:वायरल वीडियो में कुछ युवक चलती स्कॉर्पियो की खिड़कियों से बाहर निकले हुए दिखाई दिए। तेज रफ्तार में वाहनों के बीच इस तरह स्टंट करने से हादसे की आशंका बनी हुई थी। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही इस गतिविधि को लापरवाही से वाहन चलाने और आम लोगों की जान जोखिम में डालने का मामला माना। क्रेटा से ब्लैक फिल्म और अतिरिक्त नंबर प्लेट मिली:पुलिस के अनुसार काफिले में शामिल काली क्रेटा पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। वाहन से अलग हॉर्न और टेंपरेरी नंबर की दो प्लेट भी मिली हैं। पुलिस इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल कर रही है। इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा: सिविल लाइन थाना पुलिस ने वायरल वीडियो और पुलिस कर्मचारी की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा धारा 281 और 125 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। कुछ घंटे में कार्रवाई से स्टंटबाजों पर शिकंजा: वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और वाहनों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी परविंद्र सिंह के अनुसार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटे में 6 गाड़ियों को कब्जे में लिया और 8 युवकों को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर रुतबा दिखाने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने दी स्टंटबाजों को चेतावनी: थाना प्रभारी परविंद्र सिंह ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी करना, लापरवाही से तेज गति में वाहन चलाना और नियम विरुद्ध लाल बत्ती व सायरन का इस्तेमाल करना गैरकानूनी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की गतिविधि करने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।


