धानुका-कामगार समाज की बैठक में राजनीतिक भागीदारी पर मंथन:आगामी चुनावों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी पर चर्चा

धानुका-कामगार समाज की बैठक में राजनीतिक भागीदारी पर मंथन:आगामी चुनावों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी पर चर्चा

हनुमानगढ़ में धानुका और कामगार समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को शहर की जांगिड़ धर्मशाला में आयोजित हुई। इस बैठक में समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समाज के लोगों ने राजनीतिक दलों से समाज के योग्य व्यक्तियों को चुनाव में प्रतिनिधित्व का अवसर दिए जाने की मांग उठाई। बैठक में वक्ताओं ने बताया कि समाज के लोग लंबे समय से विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन राजनीतिक स्तर पर उन्हें अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में आगामी चुनावों में समाज को मजबूत राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। पंचायत और निकाय चुनावों को लेकर समाज की रणनीति पर भी मंथन किया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि राजनीतिक दल समाज के योग्य और सक्रिय लोगों को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारते हैं, तो समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। वहीं, यदि राजनीतिक दल समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व और चुनाव लड़ने का अवसर नहीं देते हैं, तो समाज अपने स्तर पर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी करेगा। इस दौरान सभी वार्डों में समाज की ओर से उम्मीदवार उतारने के विकल्प पर भी चर्चा हुई। इसके लिए वार्ड स्तर पर संभावित उम्मीदवारों की पहचान करने और समाज के लोगों को एकजुट करने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने यह भी कहा कि राजनीतिक भागीदारी केवल चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज के विकास से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक मंचों तक पहुंचाना भी आवश्यक है। बैठक में मौजूद लोगों ने आपसी एकजुटता बनाए रखने और आगामी चुनावों को लेकर जल्द रणनीति तैयार करने पर सहमति व्यक्त की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *