Rajasthan News : भंवरी देवी की छोटी बेटी ने तुड़वाया 10 दिनों से जारी अनशन, न्याय मिलने तक जारी रहेगा धरना, जानें ‘हत्याकांड’ का लेटेस्ट अपडेट 

Rajasthan News : भंवरी देवी की छोटी बेटी ने तुड़वाया 10 दिनों से जारी अनशन, न्याय मिलने तक जारी रहेगा धरना, जानें ‘हत्याकांड’ का लेटेस्ट अपडेट 

जोधपुर जिले के लोहावट क्षेत्र में बहुचर्चित भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड को लेकर चल रहा जनआंदोलन एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। मामले का पर्दाफाश करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछले 10 दिनों से बेमियादी अनशन पर बैठे पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई समेत अन्य लोगों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। सर्व समाज के वरिष्ठ प्रबुद्धजनों, पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सलीम नागौरी, पूर्व विधायक मलखान सिंह विश्नोई और मृतका भंवरी देवी की बेटी सोनू विश्नोई के सामूहिक आग्रह पर अनशनकारियों ने अनशन खत्म किया।

मृतका की बेटी सोनू ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। हालांकि, आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि अनशन भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन जब तक मामले का पूर्ण खुलासा नहीं हो जाता, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

दूसरी ओर, सरकार के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने लोहावट और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अपनी गहन पड़ताल तेज कर दी है। जांच टीम घटना से जुड़े हर पहलू, तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स को खंगालने में जुटी है, जिससे मामले में कुछ नए एंगल और अहम सुराग सामने आने का दावा किया जा रहा है।

न्याय की लड़ाई में परिजनों के साथ खड़े हैं: पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद

धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद ने आंदोलनकारियों से मुलाकात की और सरकार तथा पुलिस प्रशासन से मामले के त्वरित निस्तारण की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘भंवरी देवी विश्नोई हत्या मामले में लंबे समय से न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे पूर्व विधायक किसनाराम जी एवं सैकड़ों साथियों का आज अनशन तुड़वाया गया है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना आगे भी जारी रहेगा। न्याय की इस लड़ाई में हम सभी पीड़िता के परिजनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। पुलिस प्रशासन को बिना किसी देरी के इस मामले का निस्तारण कर पीड़ित परिवार को न्याय देना चाहिए।’

इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सलीम नागौरी और पूर्व विधायक मलखान सिंह ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सर्व समाज एकजुट होकर पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग कर रहा है।

SIT जांच तेज, तकनीकी साक्ष्यों और नए एंगल्स पर काम

लोहावट और आसपास के इलाकों में SIT की टीम पूरी मुस्तैदी से जांच में जुटी हुई है। जांच एजेंसी द्वारा मामले को सुलझाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।

तकनीकी साक्ष्यों की जांच: पुराने और नए कॉल डिटेल्स, लोकेशन ट्रेसिंग और डिजिटल साक्ष्यों को दोबारा खंगाला जा रहा है।

सघन पूछताछ: मामले से जुड़े संदिग्धों और प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ का दौर जारी है।

नए एंगल्स पर काम: शुरुआती पड़ताल में कुछ नए सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच टीम थ्योरी तैयार कर साक्ष्य जुटा रही है।

क्या है बहुचर्चित भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड?

राजस्थान के फलोदी जिले के लोहावट क्षेत्र (जंभेश्वर नगर) में जुलाई महीने के आखिरी सप्ताह में भंवरी देवी विश्नोई नाम की महिला की घर के बाहर सोते समय अज्ञात हमलावरों द्वारा चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश है क्योंकि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस असली कातिलों तक नहीं पहुँच पाई है और न ही हत्या के कारणों का पूरी तरह खुलासा हुआ है।

पुलिस के हाथ अब तक खाली होने के कारण लोहावट पुलिस थाने के बाहर हजारों लोगों का धरना और प्रदर्शन जारी है। स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोष व्यक्त किया है। 

इस मामले में त्वरित कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर लोहावट के पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई कई समर्थकों व साथियों के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। 

जांच की जा रही है : पुलिस

फलोदी पुलिस और प्रशासन का कहना है कि संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और तकनीकी व तथ्यात्मक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है।    

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *