Donald Trump: ‘चेहरे पर भले ही मुस्कान न दिख रही हो, लेकिन हमारी दोस्ती बहुत मजबूत हैं…’, कुछ इसी अंदाज में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग उन के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर कर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। एक तरफ ट्रंप किम जोंग उन के साथ अपनी दोस्ती की मिसाल दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ कोरियाई प्रायद्वीप में अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले सैन्य अभ्यास को लेकर माहौल काफी गर्मा गया है।
फोटो में नहीं दिखी मुस्कान, पर ट्रंप बोले- ‘हम पक्के दोस्त हैं’
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर किम जोंग उन के साथ अपनी एक फोटो पोस्ट की। इस तस्वीर में दोनों नेताओं के हाव-भाव काफी गंभीर नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने इस पर लिखा कि इस खास फोटो में हमारे चेहरे भले ही दोस्ताना न लग रहे हों, लेकिन हमारी ऐसी कई तस्वीरें हैं जिनमें हम हंस रहे हैं। किम जोंग उन और मेरे बीच बहुत गहरी और शानदार दोस्ती है।
सैन्य अभ्यास से भड़का उत्तर कोरिया
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया 17 से 27 अगस्त तक अपना बड़ा संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ शुरू करने जा रहे हैं। उत्तर कोरिया इस तरह के अभ्यासों का हमेशा से विरोध करता रहा है और इन्हें अपने खिलाफ युद्ध की तैयारी और उकसावे वाली कार्रवाई मानता है।
‘परमाणु गठबंधन का जवाब नए प्रतिरोध से देंगे’
उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने इस सैन्य अभ्यास पर कड़ा रुख अपनाते हुए गंभीर चेतावनी दी है। सरकारी मीडिया के अनुसार, उत्तर कोरियाई प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया का यह संयुक्त कदम एक ‘परमाणु गठबंधन’ का रूप ले रहा है।
उत्तर कोरियाई प्रवक्ता ने साफ कहा है कि अमेरिका और उसके सहयोगियों का यह अभ्यास आधुनिक युद्ध की नई रणनीतियों पर आधारित है। उत्तर कोरिया इस नए स्तर के खतरे का सामना अपने नए स्तर के सैन्य प्रतिरोध के साथ करेगा।
मिसाइल परीक्षणों से बढ़ा तनाव
सैन्य अभ्यास से ठीक पहले उत्तर कोरिया ने पूर्वी सागर की तरफ बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण कर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। एक हफ्ते के अंदर प्योंगयांग द्वारा किया गया यह दूसरा मिसाइल टेस्ट है, जिससे क्षेत्र में रक्षात्मक तनाव और बढ़ गया है।


