इंदौर के विकास में आज जुड़ेगा नया अध्याय:कनेक्टिविटी, विरासत, खेल और मनोरंजन के क्षेत्र में इंदौर को मिलेगी बड़ी सौगातें – महापौर

इंदौर के विकास में आज जुड़ेगा नया अध्याय:कनेक्टिविटी, विरासत, खेल और मनोरंजन के क्षेत्र में इंदौर को मिलेगी बड़ी सौगातें – महापौर

इंदौर के विकास की तस्वीर में 16 अगस्त का दिन नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक ही दिन में शहर को चार बड़ी सौगातें देंगे। पश्चिम क्षेत्र की करीब 40 साल पुरानी सड़क का सपना साकार होगा, वहीं दशहरा मैदान में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के लिए भूमिपूजन, नेहरू पार्क के नए स्विमिंग पूल का लोकार्पण और इंदौर जू के 14-डी थिएटर का अनावरण किया जाएगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि 16 अगस्त इंदौर के विकास के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। पश्चिम क्षेत्र की करीब चार दशक पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड को जोड़ने वाली सड़क के शुरू होने से हजारों लोगों को सीधा और सुगम आवागमन मिलेगा। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के लिए भूमिपूजन, नेहरू पार्क के नए स्विमिंग पूल और इंदौर जू के 14-डी थिएटर का लोकार्पण शहर के विकास को नई दिशा देगा। एक ही दिन में कनेक्टिविटी, विरासत, खेल और मनोरंजन के क्षेत्र में इंदौर को बड़ी सौगातें मिलेंगी। यह शहर के विकास की निरंतर यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। 40 साल का इंतजार खत्म… अब अन्नपूर्णा से रिंग रोड सीधे जुड़ेंगे पश्चिम क्षेत्र की सबसे पुरानी मांगों में शामिल अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड को जोड़ने वाली सड़क अब हकीकत बन चुकी है। सुदामा नगर और विश्वकर्मा नगर के बीच बनने वाली यह सड़क करीब चार दशक से लंबित थी। 0.95 किमी लंबी और 45 मीटर चौड़ी सड़क पर 16.61 करोड़ खर्च हुए हैं। इसमें सीमेंट कांक्रीट रोड के साथ सीवर चैंबर स्ट्रेंथनिंग, स्टॉर्म वाटर लाइन, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ, सेंटर लाइटिंग और इलेक्ट्रिक लाइन शिफ्टिंग जैसे काम किए गए हैं। इस कनेक्शन से पश्चिम क्षेत्र के कई इलाकों को रिंग रोड तक सीधा और सुगम रास्ता मिलेगा। अटलजी की प्रतिमा… स्मृति को मिलेगा स्थायी स्वरूप दशहरा मैदान स्थित गार्डन में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। शहर के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर अटलजी की प्रतिमा उनकी स्मृति और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। नेहरू पार्क में अब नया स्विमिंग पूल शहरवासियों को खेल और फिटनेस की सुविधा से जोड़ने के लिए नेहरू पार्क के नवीन स्विमिंग पूल का लोकार्पण भी इसी दिन होगा। इससे शहर में तैराकी के लिए एक और आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी। जू में 14-डी थिएटर… बच्चों को मिलेगा नया अनुभव इंदौर जू में तैयार किए गए 14-डी थिएटर का अनावरण भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में होगा। जू आने वाले बच्चों और परिवारों के लिए यह नया आकर्षण होगा और वन्यजीवों की दुनिया को तकनीक के नए अनुभव से जोड़ने की कोशिश होगी। एक दिन… चार सौगातें कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, मनोज पटेल, गोलू शुक्ला, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण मुरारी मोघे एमआईसी सदस्य पार्षदगण एवं भाजपा पदाधिकारी महिला मोर्चा युवा मोर्चा सहित सभी मोर्चा पदाधिकारी ओर कार्यकारिणी स्थानीय लोग शामिल होंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *