कौशांबी के सैनी थाना क्षेत्र स्थित वंदना हॉस्पिटल में शनिवार को इलाज के दौरान 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मृतक की पहचान शिव बाबू सरोज (19), पुत्र उमेश, निवासी काजीपुरा टेढ़ी, सैनी कोतवाली क्षेत्र के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक शिव बाबू को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। देखें, 3 तस्वीरें…. परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत हो जाने के बावजूद अस्पताल के अंदर उसका इलाज जारी रखा गया। जब उन्होंने डॉक्टर और अस्पताल कर्मियों से शिव बाबू की हालत के बारे में जानकारी मांगी तो उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हंगामा बढ़ने के बाद अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और स्टाफ मौके से चले गए। शिव बाबू के परिवार में चार भाई और एक बहन हैं। उसके पिता मजदूरी करते हैं। परिवार में शिव बाबू के अलावा रिंकू, पिंकू, मोनू और दीपू समेत भाई-बहन हैं। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
हंगामे की सूचना मिलते ही सैनी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव अस्पताल में रखा हुआ है और परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर रहे हैं।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इलाज के दौरान किसी तरह की लापरवाही बरती गई थी या नहीं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


