मिर्जापुर में स्वतंत्रता दिवस पर मंडलायुक्त, डीएम, एसपी ने फहराया:डीएम ने युवाओं को किया सम्मानित; एसपी ने पुलिसकर्मियों को दिए उत्कृष्ट सेवा पदक

मिर्जापुर में स्वतंत्रता दिवस पर मंडलायुक्त, डीएम, एसपी ने फहराया:डीएम ने युवाओं को किया सम्मानित; एसपी ने पुलिसकर्मियों को दिए उत्कृष्ट सेवा पदक

मिर्जापुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक सहित अन्य अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने आयुक्त कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता व संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान अपर आयुक्त प्रशासन राज कुमार द्विवेदी, अपर आयुक्त न्यायिक डॉ. विश्राम और अपर आयुक्त प्रतिपाल चौहान सहित कई अधिवक्ता व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता व अखंडता की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र में अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी से कार्य कर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत आयोजित मैराथन दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में ध्वजारोहण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। एसपी अपर्णा रजक कौशिक ने पुलिस उपाधीक्षक अमर बहादुर को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त, मुख्य आरक्षी चालक ओम प्रकाश यादव, उप निरीक्षक रामवचन सिंह और मुख्य आरक्षी चालक अमिताभ बच्चन राय को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से उत्कृष्ट सेवा पदक, सम्मान चिन्ह और सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ने पुलिस कार्यालय में ध्वजारोहण किया। जिले के समस्त क्षेत्राधिकारी कार्यालयों और थानों पर भी संबंधित अधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *