झालावाड़ में स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह विजया राजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल में आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया। इससे पूर्व उन्होंने शहीद निर्भय सिंह सिसोदिया और विजया राजे सिंधिया की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया, जिसके बाद पुलिस, होमगार्ड और विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के दलों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। एसडीएम कमल कुमार ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
समारोह में शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न क्षेत्रों की 38 प्रतिभाओं को पुरस्कार एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान किए गए। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ और एसपी अमित कुमार ने इन सभी को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। सिंचाई विभाग ने मनाया स्वतंत्रता दिवस
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिंचाई विभाग में भी अतिरिक्त मुख्य अभियंता की उपस्थिति में समारोह का आयोजन हुआ। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल झालावाड़ समिति ने गढ़ पार्क में स्वतंत्रता दिवस मनाया और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। महिला मंडल ने कपड़े के थैलों के उपयोग का दिया संदेश
इस अवसर पर मंडल की अध्यक्ष मधु गुप्ता, राजदुलारी गोयल, चंद्रेश अग्रवाल, लक्ष्मी, निर्मला सोमानी, चंद्रकला तोदी और प्रीति सहित अन्य सदस्यों ने प्लास्टिक की थैलियों की जगह कपड़े के थैलों के उपयोग का संदेश दिया। इसका उद्देश्य जानवरों को प्लास्टिक खाने से बचाना था। सभी महिलाओं ने हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस का पर्व मनाया।


