उकलाना विधायक ने पुलिस पर लगाया धक्का-मुक्की का आरोप:हिरासत में लिए लोगों से मिलने जा रहे थे, बोले- अभद्र व्यवहार किया

उकलाना विधायक ने पुलिस पर लगाया धक्का-मुक्की का आरोप:हिरासत में लिए लोगों से मिलने जा रहे थे, बोले- अभद्र व्यवहार किया

जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर हिसार में मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे लोगों को पुलिस द्वारा रास्ते में हिरासत में लिए जाने और उनके वाहनों को डिटेन करने के मामले को लेकर उकलाना विधायक नरेश सेलवाल ने पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक का आरोप है कि हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़वाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से वह खुद बातचीत करने जा रहे थे, तभी सिसाय पुल के पास डीएसपी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। सीएम से मिलने जा रहे थे विधायक विधायक नरेश सेलवाल ने बताया कि किनाला गांव निवासी जीवन कुंडू की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर शनिवार सुबह विभिन्न जिलों से लोग हांसी में मुख्यमंत्री से मिलने के लिए जा रहे थे। आरोप है कि पुलिस ने कई लोगों को रास्ते में ही हिरासत में ले लिया तथा उनके वाहनों को भी रोक दिया। कुछ वाहनों के टायरों की हवा निकालने की भी बात विधायक ने कही है। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़वाने तथा पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत करने के लिए जब वह हांसी की ओर जा रहे थे, तो सिसाय पुल के पास डीएसपी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। पुलिस कर्मियों ने किया अभद्र व्यवहार : विधायक विधायक का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ पुलिसकर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ मौजूद अन्य लोगों के साथ मारपीट करते हुए उन्हें थप्पड़ मारे गए तथा लाठियां मारी गईं। विधायक ने पुलिस की इस कार्रवाई को अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के लिए मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे लोगों को रोकना और उनके साथ इस तरह का व्यवहार करना उचित नहीं है। न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोग : सेलवाल उन्होंने कहा कि जीवन कुंडू हत्याकांड को हुए दो सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार और क्षेत्र के लोग न्याय की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में जब लोग अपनी मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखने जा रहे थे तो उन्हें रास्ते में रोकना और उनके साथ बल प्रयोग करना उचित नहीं है। उच्च स्तरीय जांच की मांग विधायक नरेश सेलवाल ने पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई के दौरान किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है अथवा लोगों के साथ अभद्रता एवं बल प्रयोग किया गया है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से जीवन कुंडू हत्याकांड के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की भी मांग की। विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि जब खुद उनके साथ पुलिस द्वारा अभद्रता बरती गई तो आम आदमी के साथ तो और ज्यादा अभद्रता बरती गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *