प्रतापगढ़ में चोरी के ट्रक के साथ आरोपी गिरफ्तार:फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था, प्रयागराज में चार मुकदमे

प्रतापगढ़ में चोरी के ट्रक के साथ आरोपी गिरफ्तार:फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था, प्रयागराज में चार मुकदमे

प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ने एक चोरी का ट्रक बरामद किया है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शनिवार दोपहर 11 बजे करीब संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान यह सफलता मिली। पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहे एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। देल्हूपुर पुलिस और स्वाट टीम रंगोली कनेस्ता चौकी के सामने बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर से एक ट्रक आता दिखा, जिस पर BR03GA7519 नंबर प्लेट लगी थी। यह नंबर संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोका और चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान सराय मकई निवासी हसरत खान (लगभग 28 वर्ष) के रूप में बताई। ट्रक की नंबर प्लेट और चेचिस नंबर की जांच करने पर पता चला कि वाहन का वास्तविक पंजीकरण नंबर MH03BD1692 है। इस पर फर्जी नंबर प्लेट BR03GA7519 लगाई गई थी। पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क किया, जिससे पुष्टि हुई कि यह ट्रक 9 जुलाई 2026 को महाराष्ट्र के मुंबई क्षेत्र से चोरी हुआ था। इस संबंध में ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। गिरफ्तार आरोपी हसरत खान ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी मो. हसीब के साथ मिलकर यह ट्रक महाराष्ट्र के मुंबई क्षेत्र से चुराया था। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने ट्रक की नंबर प्लेट पर स्टीकर लगाकर फर्जी नंबर अंकित किया था। आरोपी के अनुसार, उसका साथी मो. हसीब उर्फ पापा वापस मुंबई चला गया है। पुलिस ने चोरी के ट्रक को बरामद कर लिया है और गिरफ्तार आरोपी हसरत खान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि हसरत खान के खिलाफ प्रयागराज जनपद में गैंगस्टर एक्ट सहित चार मुकदमे दर्ज हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *