सीतापुर में बारिश के बाद जर्जर दीवार भरभराकर गिरी:टीन के नीचे सो रहा युवक मलबे में दबा, ग्रामीणों ने युवक को निकाला, जिला अस्पताल में भर्ती

सीतापुर में बारिश के बाद जर्जर दीवार भरभराकर गिरी:टीन के नीचे सो रहा युवक मलबे में दबा, ग्रामीणों ने युवक को निकाला, जिला अस्पताल में भर्ती

सीतापुर के रामपुर कला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बारिश के बाद जर्जर कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के किनारे टीन के नीचे चारपाई पर सो रहा 35 वर्षीय युवक मलबे में दब गया। हादसे में उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे मलबे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रामपुर खुर्द गांव निवासी शिवशंकर पुत्र ब्रज किशोर शुक्रवार रात घर के बाहर कच्ची दीवार के पास पड़ी टीन के नीचे चारपाई पर सो रहा था। बताया जा रहा है कि सुबह हुई बारिश के कारण पहले से जर्जर दीवार में नमी आ गई थी। देर रात अचानक दीवार का एक हिस्सा भरभराकर चारपाई के ऊपर जा गिरा। शिवशंकर मलबे में दब गया। चीख सुनकर पहुंचे परिजन, ग्रामीणों ने बचाया दीवार गिरने के बाद शिवशंकर की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने फावड़े और अन्य साधनों की मदद से मिट्टी और मलबा हटाया। काफी प्रयास के बाद युवक को बाहर निकाला गया। सिर में गंभीर चोट, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज हादसे में शिवशंकर के सिर में गंभीर चोट आई है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें बताई जा रही हैं। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर बारिश के कारण जर्जर कच्ची दीवार कमजोर होने के बाद गिरने की बात सामने आई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *