वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक से जा रहा था बदमाश, फायरिंग के जवाब में पुलिस ने की कार्रवाई; तमंचा और कारतूस बरामद संभल में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार रात वाहन चेकिंग के दौरान संभल पुलिस और गो तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। असमोली थाना क्षेत्र के सेवापुर गांव में हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि जवाबी कार्रवाई के दौरान मढ़न पुलिस चौकी प्रभारी अनुज चौहान के हाथ में भी गोली लग गई। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे सेवापुर गांव में सरकारी ट्यूबवेल के पास हुई। मढ़न पुलिस चौकी प्रभारी अनुज चौहान पुलिस टीम के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक लेकर भागने लगा। घिरने पर पुलिस पर की फायरिंग पुलिस टीम ने संदिग्ध का पीछा कर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बाइक सवार ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग के दौरान चौकी प्रभारी अनुज चौहान के हाथ में भी गोली लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सुधीर पंवार, सीओ असमोली अमन सिंह और एएसपी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। तमंचा और कारतूस बरामद पुलिस के मुताबिक, रात करीब 9:15 बजे घायल बदमाश और चौकी प्रभारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के रतनपुर कला गांव निवासी मोहम्मद कैफ पुत्र रियाजुल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस और प्लैटिना बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और सीएस एक्ट समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। एएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हुई, जिसमें गो तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में चौकी प्रभारी और बदमाश दोनों घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।


