गोरखपुर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने हाल की दो घटनाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 10 साल की रेप पीड़िता और मृतक बच्ची के परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। अजय राय ने बिजली ठेकेदार शिव कुमार तिवारी के परिजनों से भी मुलाकात कर घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक है। भाजपा की सरकार में तलवार चल रही है। अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि यूपी में बहुत ही बुरी स्थित है। योगी जी से सरकार संभल नहीं रही है। उन्हें इस्तीफा देकर मठ में बैठ जाना चाहिए। सिपाही के बहाली पर उठाया सवाल बच्ची के साथ रेप और हत्या मामले में सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सिपाही को पहले भी ऐसे ही आरोपों के लिए सस्पेंड किया गया था। फिर जिसने उसकी बहाली की उनकी जांच होनी चाहिए। कानून के रखवालों पर लग रहे गंभीर आरोप- अजय राय अजय राय ने कहा कि कानून की रखवाली करने वालों पर ही गंभीर आरोप लग रहे हैं, तो यह सरकार की कानून व्यवस्था की असली तस्वीर है। सत्ता के संरक्षण में किसी को भी मनमानी करने की छूट नहीं दी जा सकती। चाहे अपराधी कितना भी प्रभावशाली हो या वर्दी में हो, कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए। उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट और बुलडोजर की कार्रवाई की मांग की। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो- जिलाध्यक्ष इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि गोरखपुर में लगातार सामने आ रही घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी पीड़ा को करीब से समझा है। कांग्रेस पार्टी पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार की जिम्मेदारी है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे। अगर किसी पुलिसकर्मी या प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी बिना किसी दबाव के कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़ित परिवारों को न्याय और सुरक्षा दिलाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पीड़ितों को न्याय दिलाएगी कांग्रेस पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज दबने नहीं देगी। पीड़ितों को न्याय मिलने तक कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। सरकार तत्काल निष्पक्ष जांच कराए, दोषियों पर कठोर कार्रवाई करे और पीड़ित परिवारों को न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करें।


