लखनऊ सीजी सिटी में अर्बन वेट लैंड के पास बना नौसेना का शौर्य संग्रहालय 15 अगस्त से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा । LDA संग्रहालय का संचालन करेगा। शुरूआत के 2 सप्ताह तक लोगों निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। इसके बाद बच्चों के लिए 25 रूपये और बड़ों के लिए 50 रूपये प्रति व्यक्ति टिकट लगेगा। सुबह 10 से रात 8 बजे तक खुलेगा संग्रहालय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने 30 मई 2026 को संग्रहालय का लोकार्पण किया था। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आजादी के इस महापर्व पर शनिवार से संग्रहालय आम लोगों के लिए खोला जा रहा है । अगले 2 सप्ताह तक संग्रहालय में टिकट नहीं लगेगा और यहां घूमने आने वाले लोगों को कोई प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। संग्रहालय सुबह 10ः00 बजे से रात 8ः00 बजे तक खुलेगा। 15 अगस्त को 3 यूपी नेवल यूनिट यहां ध्वजारोहण करेगी। समुद्री गश्ती विमान देगा रोमांच नौसेना शौर्य संग्रहालय में टीयू-142 समुद्री गश्ती विमान स्थापित किया गया है, जो अपनी खूबियों और सेना के अप्रतिम शौर्य का एहसास कराएगा। यहां लोग भारतीय नौसेना के विशेष पोत आइएनएस गोमती का पूरा ब्योरा जान सकेंगे। साथ ही पोत के लिए उपयोगी रहे कैपस्टन ड्रम का दीदार करेंगे। इसके अलावा सीईटी 53 एम पनडुब्बी अवरोधक लोगों को आकर्षित करेगी। इसके पास में ही आसमान में निशाना साधती एके-726 मीडियम रेंज तोप लोगों को रोमांच से भर देगी। टारपीडो, लांचर होंगे विशेष आकर्षण संग्रहालय में आइएनएस गोमती का मुख्य मस्तूल व अग्र मस्तूल भी है। पी-21 पोत अवरोधक मिसाइल जेट विमान की तरह नजर आती है। अवरोधक मिसाइल कंटेनर, ट्रिपल टारपीडो लांचर और एके 230 तोप नौसेना की भव्यता व क्षमता का बखान करेगी । इस ओपन एयर संग्रहालय में आने वाले दर्शकों को वास्तविक नौसैनिक यंत्र दिखाई देंगे, जिसमें से कई भारतीय नौसेना पोत गोमती से संबंधित हैं। संग्रहालय में लोगों की सुविधा के लिए जल्द ही रेस्टोरेंट भी संचालित किया जाएगा।


