खंडवा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करने के बाद मंच पर कथित रूप से हवन कर शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में शुक्रवार को खंडवा में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे खड़गे का अपमान बताते हुए भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया। कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से उन्होंने पैदल मार्च निकाला। कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचे। यहां कांग्रेस नेताओं ने सामाजिक समानता, संविधान और दलित सम्मान को लेकर अपनी बात रखी। जिलाध्यक्ष बोले- घटना से भाजपा की मानसिकता उजागर कांग्रेस नेता उत्तमपाल सिंह पुरनी ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी की घटना से भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता सामने आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह स्वीकार नहीं है कि दलित समाज का व्यक्ति देश की बड़ी राजनीतिक पार्टियों में से एक कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक समानता और संविधान की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। संविधान ने सभी नागरिकों को समान अधिकार दिए हैं। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी व्यक्ति के साथ जातिगत भेदभाव या उसका अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। ‘खड़गे का नहीं, पूरे दलित समाज का अपमान’ शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि मंच का हवन कर कथित शुद्धिकरण किया जाना सिर्फ एक व्यक्ति का अपमान नहीं है, बल्कि पूरे दलित समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर ने आजादी के साथ सामाजिक भेदभाव और अस्पृश्यता के खिलाफ भी संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान देता है। ऐसे में किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसके संबोधन के बाद मंच का कथित शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक समानता की भावना के खिलाफ है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल पैदल मार्च और प्रदर्शन में कांग्रेस नेता विकास व्यास, देवेंद्र जैन, अर्श पाठक, मुल्लु राठौर, यशवंत सिलावट, पवन पाटीदार, चंदन राजपूत, हुकुम मेलुंदे, विशाल जैन, इमरान गोरी, राजकुमार कैथवास, रूपाली बारे, अय्यूब लाला, हेमलता पालीवाल, रुपा कास्डे, दशरथ सिरसोटे, कड़वा पटेल, चैनसिंह वर्मा, राशीद बाठिया, इमरान पटेल, भुवनेश्वर जोशी, वामन राव जाधव और प्रेमांशु जैन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। देखें तस्वीरें…


