ग्वालियर स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले ग्वालियर पुलिस ने आमजन को एक बड़ी राहत दी है। पुलिस के विशेष ‘तेरा तुझको अर्पण’ अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) धर्मवीर सिंह के निर्देशन में साइबर सेल ने महज 3 महीनों में देश के अलग-अलग शहरों से ₹1.03 करोड़ से अधिक मूल्य के 451 गुम हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए हैं। शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ग्वालियर ने ये सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किए। अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर शिक्षिका रेखा, MPPSC की तैयारी कर रही छात्रा पूनम कस्तवार, प्रोफेसर डॉ. आरती और किस्तों पर फोन खरीदने वाले ड्राइवर प्रदीप सिंह समेत कई गृहणियों के चेहरों पर खुशी साफ छलक उठी। ईमानदार नागरिकों का सम्मान, पुलिस टीम को पुरस्कार कार्यक्रम में लावारिस मिले मोबाइलों को ईमानदारी से साइबर सेल में जमा कराने वाले सजग नागरिकों—पवन कुशवाह, भोजराज सिंह चौहान, भोगीराम मंडेलिया और मनोज चौरसिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक रजनी सिंह रघुवंशी एवं पूरी साइबर टीम के इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। मोबाइल गुम हो जाए तो क्या करें? क्या बोले जिम्मेदार इसको लेकर ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव का कहना है कि साइबर सेल ने आधुनिक CEIR पोर्टल की मदद से 3 महीने की कड़ी मशक्कत के बाद देश भर से 1 करोड़ से अधिक कीमत के 451 मोबाइल ट्रेस किए हैं। रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह आमजन को पुलिस की तरफ से एक भेंट है। हम ईमानदारी से मोबाइल जमा कराने वाले नागरिकों का भी आभार व्यक्त करते हैं।


