टीकमगढ़ झांसी हाईवे पर शुक्रवार को एक यात्री बस से 222 किलोग्राम नकली मावा जब्त किया गया है। यह मावा 19 बोरियों में भरकर दिल्ली से टीकमगढ़ जा रही बस में मिला। पुलिस ने मावा जब्त कर जांच शुरू कर दी है। दिगौड़ा थाना पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि दिल्ली से टीकमगढ़ जाने वाली एक बस में बड़ी मात्रा में नकली मावा लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को दिगौड़ा बस स्टैंड पर भेजा गया। पुलिस टीम ने एक निजी कंपनी की बस से प्लास्टिक की बोरियों में रखे मावा को जब्त कर थाने लाया। जब्त की गई 19 बोरियों में कुल 222 किलोग्राम नकली मावा और 122 किलोग्राम नकली लूज खोवा पाया गया। इस कार्रवाई की सूचना खाद्य विभाग को दी गई। सैंपल जांच के लिए भेजे खाद्य अधिकारी मनीष जैन थाने पहुंचे और जब्त किए गए मावा के सैंपल लिए। उन्होंने बताया कि पकड़े गए मावा के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। इस पूरी कार्रवाई में दिगौड़ा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा, प्रधान आरक्षक अभय वर्मा, आरक्षक अक्षय सिंह, जगभान रजक और राघवेंद्र लोधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


