सतना में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान लापरवाही बरतने पर आदिम जाति कल्याण विभाग के लेखापाल आशुतोष मिश्रा को निलंबित कर दिया गया। लेखापाल आशुतोष मिश्रा पर लगभग एक साल तक देयक रोककर रखने और कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। शिविर में अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित एक अन्य प्रकरण भी सामने आया, जिसे लगभग एक साल से लंबित रखा गया था। इस मामले में संभागायुक्त ने नगर निगम की गेस्ट संपरीक्षक आरती गुप्ता के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी जेडी रीवा को सौंपी गई है। संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को शिकायतों का निराकरण 15 दिन की समय-सीमा में करने को कहा। उन्होंने यह भी बताया कि शिविर में केवल शिकायतों का निराकरण ही नहीं होगा, बल्कि उनके फॉलोअप की भी लगातार समीक्षा की जाएगी। शिविर में जिले के सभी विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में लंबित शिकायतों की बारी-बारी से समीक्षा की गई और उन्हें समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


