Personal Finance Tips: पैसा कमाना एक बात है और पैसे को सही तरीके से संभालकर आर्थिक आजादी हासिल करना दूसरी। अच्छी सैलरी होने के बावजूद अगर खर्च बेकाबू हैं, कर्ज बढ़ता जा रहा है और बचत नाममात्र की है, तो भविष्य की वित्तीय चिंता बनी रह सकती है। इसके उलट छोटी आमदनी में भी अगर कोई व्यक्ति नियमित बचत करता है, सोच-समझकर खर्च करता है और लंबे समय के लिए निवेश करता है, तो धीरे-धीरे मजबूत वित्तीय स्थिति बनाई जा सकती है।
फाइनेंशियल फ्रीडम कोई रातों-रात मिलने वाली चीज नहीं है। यह छोटी-छोटी आदतों का नतीजा होती है। अगर आप भी अपने पैसों को लेकर ज्यादा मजबूत और आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं, तो इन 12 आदतों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बना सकते हैं।
अपने फाइनेंशियल गोल्स तय करें
पैसा बचाने से पहले यह स्पष्ट होना चाहिए कि आखिर बचाना किसलिए है। घर खरीदना है, बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसा जुटाना है, रिटायरमेंट की तैयारी करनी है या कोई बड़ा सपना पूरा करना है। लक्ष्य जितना साफ होगा, योजना बनाना उतना आसान होगा। अपने लक्ष्य के साथ रकम और समय सीमा भी तय करें। उदाहरण के लिए, अगर आपको 10 साल बाद घर खरीदने के लिए 20 लाख रुपये चाहिए, तो हर महीने कितनी रकम बचानी और निवेश करनी होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
हर महीने का बजट बनाएं
कमाई कितनी है, इससे ज्यादा जरूरी यह है कि पैसा जा कहां रहा है। इसलिए हर महीने घर का बजट बनाना बेहद जरूरी है। किराया, ईएमआई, राशन, बिजली, बच्चों की पढ़ाई, इंश्योरेंस, मनोरंजन और दूसरे खर्च अलग-अलग लिखें। इसके बाद देखें कि बचत और निवेश के लिए कितना पैसा बच रहा है। बजट बनाने से फिजूलखर्ची पर लगाम लगती है और महीने के आखिर में पैसे की कमी से बचा जा सकता है।
क्रेडिट कार्ड का कर्ज जल्द निपटाएं
क्रेडिट कार्ड की सुविधा जरूरत के समय काम आती है, लेकिन इसका बकाया बढ़ता जाए तो यह जेब पर भारी पड़ सकता है। खासकर जब हर महीने पूरा बिल चुकाने के बजाय सिर्फ न्यूनतम राशि जमा की जाती है। कोशिश करें कि क्रेडिट कार्ड का पूरा बकाया समय पर चुकाया जाए। ज्यादा ब्याज वाले कर्ज को प्राथमिकता से खत्म करना आर्थिक आजादी की दिशा में बड़ा कदम हो सकता है।
बचत को ऑटोमेट करें
बचत के लिए महीने के आखिर में पैसे बचने का इंतजार न करें। बेहतर तरीका है कि सैलरी आते ही तय रकम अलग खाते में चली जाए। आप अपने बैंक खाते से ऑटोमैटिक ट्रांसफर की सुविधा लेकर हर महीने एक निश्चित रकम बचत या निवेश के लिए अलग कर सकते हैं। इमरजेंसी फंड के लिए भी अलग रकम रखना जरूरी है, ताकि अचानक नौकरी जाने, बीमारी या किसी बड़े खर्च की स्थिति में निवेश तोड़ने की नौबत न आए।
निवेश की शुरुआत जल्दी करें
सिर्फ बैंक खाते में पैसा जमा करते रहने से वेल्थ क्रिएशन नहीं हो सकता है। अपनी जरूरत और जोखिम क्षमता के हिसाब से निवेश के विकल्पों पर विचार करना चाहिए। म्यूचुअल फंड, SIP, PPF, FD, बॉन्ड और दूसरे निवेश विकल्प अलग-अलग जरूरतों के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं। लॉन्ग टर्म में कंपाउंडिंग का फायदा मिलने की संभावना रहती है। हालांकि, बाजार से जुड़े निवेश में रिटर्न तय नहीं होता और जोखिम भी रहता है।
अपना क्रेडिट स्कोर बेहतर रखें
आज के समय में लोन लेना हो तो क्रेडिट स्कोर काफी अहम हो सकता है। अच्छा क्रेडिट रिकॉर्ड होने पर लोन की ब्याज दर और उपलब्ध शर्तों पर भी असर पड़ सकता है। समय पर EMI और क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान करें। क्रेडिट कार्ड की सीमा का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें और समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट भी जांचते रहें।
खरीदारी में मोलभाव करना सीखें
हर कीमत अंतिम नहीं होती। खासकर बड़े खर्च के मामलों में कीमत या दूसरी शर्तों पर बातचीत की गुंजाइश हो सकती है। कार, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, सर्विस और दूसरे बड़े खर्चों में अलग-अलग दुकानों या कंपनियों की कीमतों की तुलना करें। छूट, कैशबैक और ऑफर का फायदा उठाएं। छोटी बचत भी लंबे समय में बड़ा फर्क पैदा कर सकती है।
वित्तीय जानकारी लगातार बढ़ाते रहें
निवेश और टैक्स से जुड़े नियम समय के साथ बदलते रहते हैं। इसलिए सिर्फ निवेश शुरू करना काफी नहीं है। आपको यह भी पता होना चाहिए कि आपका पैसा कहां और क्यों लगाया जा रहा है। बजट, टैक्स, बीमा, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार और रिटायरमेंट प्लानिंग से जुड़ी बुनियादी जानकारी लेते रहें। जरूरत पड़ने पर अपनी वित्तीय योजना में बदलाव भी करें।
अपनी संपत्ति की देखभाल करे
घर, कार और दूसरे महंगे सामान पर पैसा खर्च करने के बाद उनका सही रखरखाव भी जरूरी है। समय पर सर्विस और मरम्मत कराने से बड़ी खराबी और अतिरिक्त खर्च से बचा जा सकता है। उदाहरण के लिए, कार की नियमित सर्विस टालने से बाद में बड़ा बिल आ सकता है। इसी तरह घर की छोटी-मोटी मरम्मत समय पर कराना भविष्य के बड़े खर्च को रोक सकता है।
दिखावे की बजाय जरूरत को प्राथमिकता दें
फाइनेंशियल फ्रीडम के रास्त में सबसे बड़ी चुनौती कई बार कमाई नहीं, बल्कि बढ़ता हुआ खर्च होता है। हर चीज खरीदने से पहले खुद से पूछें कि यह जरूरत है या सिर्फ इच्छा। महंगे फोन, कपड़े, गाड़ी या बार-बार बाहर खाने जैसे खर्चों में थोड़ी समझदारी अपनाने से अच्छी-खासी रकम बचाई जा सकती है। इसका मतलब यह नहीं कि जिंदगी में मौज-मस्ती बिल्कुल बंद कर दें। मकसद सिर्फ इतना है कि खर्च आपकी कमाई और भविष्य के लक्ष्यों के हिसाब से हो।
जरूरत पड़े तो वित्तीय सलाह लें
निवेश से जुड़े फैसले हर व्यक्ति के लिए एक जैसे नहीं होते। आपकी आमदनी, उम्र, लक्ष्य, कर्ज और जोखिम उठाने की क्षमता के आधार पर सही निवेश रणनीति अलग हो सकती है। अगर आपको निवेश या वित्तीय योजना समझने में परेशानी होती है, तो योग्य और रजिस्टर्ड वित्तीय सलाहकार की मदद ली जा सकती है। किसी भी सलाह पर अमल करने से पहले सलाहकार की योग्यता और रजिस्ट्रेशन की जानकारी जरूर जांचें।
सेहत को वित्तीय योजना का हिस्सा बनाएं
पैसों की योजना बनाते समय स्वास्थ्य को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। बीमारी या लंबे इलाज का खर्च आपकी वर्षों की बचत को प्रभावित कर सकता है। इसलिए हेल्थ इंश्योरेंस पर विचार करें और नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें। संतुलित खान-पान और एक्टिव लाइफस्टाइल भी लंबे समय में मेडिकल खर्च को नियंत्रित रखने में मदद कर सकती है।



(@MoneyMatrixUS)