The Traitors 2 show: ‘द ट्रेटर्स इंडिया सीजन 2’ का ट्रेलर सामने आते ही इसके कंटेस्टेंट्स के बीच होने वाली भिड़ंत की झलक देखने को मिल गई है। करण जौहर के होस्ट किए जाने वाले इस रियलिटी गेम शो के लेटेस्ट प्रोमो में मल्लिका शेरावत और रिया चक्रवर्ती के बीच तीखी बहस नजर आती है। इस दौरान मल्लिका, रिया के 2020 में जेल में बिताए समय का जिक्र करती दिखाई देती हैं। रिया भी इस पूरे माहौल से परेशान नजर आती हैं और कहती हैं कि शो खत्म होने के बाद वो विदेश चली जाएंगी।
रिया चक्रवर्ती को जेल की याद दिलाती दिखीं मल्लिका
रिलीज हुए ट्रेलर में मल्लिका शेरावत गुस्से में रिया चक्रवर्ती से बात करती नजर आती हैं। इसी दौरान वो रिया को बायकुला जेल में बिताए उनके समय की याद दिलाती हैं। ट्रेलर में दोनों के बीच बहस किस बात को लेकर शुरू होती है, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन ये पल शो के सबसे चर्चित हिस्सों में से एक नजर आ रहा है। बता दें, इसके अगले ही सीन में रिया अपनी निराशा जाहिर करती दिखती हैं। वह कहती हैं कि जैसे ही ये सीजन खत्म होगा, वह विदेश चली जाएंगी।
रिया चक्रवर्ती को 2020 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने गिरफ्तार किया था। ये गिरफ्तारी अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़ी ड्रग जांच के सिलसिले में हुई थी। लगातार तीन दिनों की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। बॉम्बे हाई कोर्ट से जमानत मिलने से पहले रिया ने करीब एक महीना भायखला जेल में बिताया था।
21 सेलिब्रिटीज के बीच होगा भरोसे और धोखे का खेल
‘द ट्रेटर्स इंडिया’ के दूसरे सीजन में करण जौहर एक बार फिर होस्ट की भूमिका में लौटे हैं। इस सीजन में 21 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स के बीच भरोसे, दोस्ती और धोखे का खेल देखने को मिलेगा।
शो को धर्माटिक एंटरटेनमेंट ने ऑल3मीडिया इंटरनेशनल के साथ मिलकर बनाया है। बाफ्टा और एमी अवॉर्ड जीत चुके रियलिटी फॉर्मेट पर आधारित है, जिसे दुनियाभर में 40 से ज्यादा जगहों पर अडैप्ट किया जा चुका है। दरअसल, पहले सीजन की ट्रॉफी ऊर्फी जावेद और निकिता लूथर ने साझा तौर पर जीती थी।
शालिनी पासी से मुनव्वर फारुकी तक, ये चेहरे आएंगे नजर
सीजन 2 के ट्रेलर में शालिनी पासी, रणवीर बराड़, अभिषेक मल्हान, आदित्य कुलश्रेष्ठ, मुनव्वर फारुकी और श्वेता तिवारी समेत कई चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं। कंटेस्टेंट्स को ‘इनोसेंट्स’ और ‘ट्रेटर्स’ में बांटा जाएगा। इनोसेंट्स को गेम से बाहर होने से पहले ट्रेटर्स की पहचान करनी होगी, जबकि ट्रेटर्स को अपनी पहचान छिपाकर दूसरे खिलाड़ियों को एलिमिनेट करना होगा। इस दौरान कंटेस्टेंट्स को गठजोड़ बनाने, दूसरों की वफादारी परखने और रणनीतिक फैसले लेने होंगे।
करण जौहर बोले- ‘आपको अंदाजा नहीं है आगे क्या होने वाला है’
शो के होस्ट करण जौहर ने सीजन को लेकर कहा कि उन्हें इस दौरान कुछ बेहद अविश्वसनीय पल देखने को मिले। उनके मुताबिक, इस सीजन में जो कुछ हुआ, उसके लिए वो खुद भी तैयार नहीं थे। उन्होंने दर्शकों को आगाह करते हुए कहा कि उन्हें आगे क्या होने वाला है, इसका कोई अंदाजा नहीं है।


