Shiprocket IPO 21 गुना से अधिक हो चुका है सब्सक्राइब, ग्रे मार्केट में दिख रहा 38% का मुनाफा, जानिए ब्रोकरेज फर्म्स की राय

Shiprocket IPO 21 गुना से अधिक हो चुका है सब्सक्राइब, ग्रे मार्केट में दिख रहा 38% का मुनाफा, जानिए ब्रोकरेज फर्म्स की राय

Shiprocket IPO को लेकर निवेशकों में उत्साह बना हुआ है। 1,617 करोड़ रुपये से ज्यादा का यह आईपीओ 12 अगस्त को खुला था और आज यानी 14 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए बंद हो रहा है। ऐसे में जिन निवेशकों ने अब तक दांव नहीं लगाया है, उनके पास आज आखिरी मौका है। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 92 से 97 रुपये तय किया है। कंपनी के शेयर BSE और NSE पर लिस्ट होंगे। खास बात यह है कि शिपरॉकेट के शेयरों का GMP 37 रुपये के आसपास चल रहा है। यानी ऊपरी प्राइस बैंड 97 के मुकाबले करीब 38 फीसदी का प्रीमियम मिल रहा है। हालांकि, जीएमपी सिर्फ बाजार का अनौपचारिक संकेत है और इससे लिस्टिंग गेन की गारंटी नहीं होती।

Shiprocket IPO GMP कितना है?

ग्रे मार्केट में शिपरॉकेट का शेयर शुक्रवार दोपहर करीब 37 रुपये के जीएमपी पर ट्रेड करता दिखा है। अगर यही प्रीमियम लिस्टिंग तक बना रहता है तो 97 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले शेयर की संभावित लिस्टिंग करीब 134 के आसपास बैठती है। यानी मौजूदा जीएमपी के हिसाब से करीब 38 फीसदी लिस्टिंग गेन का संकेत मिल रहा है। लेकिन निवेशकों को यह समझना चाहिए कि ग्रे मार्केट के भाव तेजी से बदल सकते हैं। इसलिए सिर्फ जीएमपी देखकर आईपीओ में पैसा लगाना समझदारी नहीं होगी।

21 गुना सब्सक्राइब हो चुका आईपीओ

शिपरॉकेट का आईपीओ शुक्रवार दोपहर तक 21.04 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। तीसरे दिन इस आईपीओ को जबरदस्त बोलियां मिली हैं। यह आईपीओ दूसरे दिन तक 3.26 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

क्या है एक्सपर्ट्स की राय?

शिपरॉकेट आईपीओ को लेकर ब्रोकरेज हाउसों की राय कुल मिलाकर सकारात्मक है। आनंद राठी ने इसे लंबी अवधि के लिए ‘सब्सक्राइब’ रेटिंग दी है। रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक भारत में ई-कॉमर्स के बढ़ते कारोबार से शिपरॉकेट को फायदा मिल सकता है। कंपनी का मुख्य कारोबार पहले से मुनाफे में है, जबकि इसके नए कारोबार भविष्य में ग्रोथ बढ़ाने का मौका दे सकते हैं। हालांकि, ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स से जुड़े बाजार में प्रतिस्पर्धा काफी ज्यादा है और यह कंपनी के लिए बड़ी चुनौती बनी रह सकती है। ब्रोकरेज फर्म निर्मल बैंग ने भी आईपीओ को लंबी अवधि के नजरिए से ‘सब्सक्राइब’ करने की सलाह दी है। ब्रोकरेज के मुताबिक ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का पोस्ट-इश्यू मार्केट कैप करीब 7,058 करोड़ रुपये बैठता है। इसके अलावा आदित्य बिरला मनी, एसबीआई केपिटल सिक्युरिटीज और वेंचुरा सिक्युरिटीज ने भी आईपीओ को लेकर सकारात्मक राय दी है।

19 अगस्त को हो सकती है शेयरों की लिस्टिंग

इस आईपीओ में शेयरों का संभावित अलॉटमेंट 17 अगस्त को हो सकता है। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कारण बाजार बैंकिंग गतिविधियां प्रभावित रहेंगी। KFin Technologies को आईपीओ का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है। शेयरों की संभावित लिस्टिंग 19 अगस्त 2026 को हो सकती है।

Shiprocket IPO में कितना पैसा लगाना होगा?

इस आईपीओ का प्राइस बैंड 92 से 97 रुपये प्रति शेयर है। आईपीओ का लॉट साइज 154 शेयर है। यानी ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट के लिए करीब 14,938 रुपये का निवेश करना होगा।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *