बस्ती में स्वतंत्रता दिवस की धूम, बाजार में रौनक:जिले भर में देशभक्ति कार्यक्रम, तिरंगे की बिक्री बढ़ी

बस्ती में स्वतंत्रता दिवस की धूम, बाजार में रौनक:जिले भर में देशभक्ति कार्यक्रम, तिरंगे की बिक्री बढ़ी

बस्ती में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिले भर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सुबह छह से सात बजे तक तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी निकाली जाएगी। सुबह आठ बजे सभी सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों तथा भवनों पर ध्वजारोहण होगा। इसके साथ ही तिरंगा कृतज्ञता, तिरंगा कैनवास, तिरंगा प्रतिज्ञा और तिरंगा सेल्फी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह नौ बजे से शहीद स्मारक स्थलों पर झंडारोहण किया जाएगा। इसी समय से 11 बजे तक मलिन बस्तियों में साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। दोपहर 12 बजे दिव्यांग सैनिकों और उनके परिजनों का सम्मान समारोह होगा। शिक्षण संस्थानों में सुबह 11:30 बजे से दोपहर एक बजे तक वाद-विवाद, निबंध और लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला कारागार में सुबह 11:30 से 12:30 बजे तक कैदियों द्वारा वृक्षारोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। राजकीय संप्रेषण गृह किशोर, पचपेडिया में किशोरों का स्वास्थ्य परीक्षण कर फल और मिष्ठान वितरित किए जाएंगे। दोपहर 3:30 से 4 बजे तक वहां खेल सामग्री और फल भी बांटे जाएंगे। दोपहर एक बजे से जिला, महिला एवं टीबी अस्पताल, कुष्ठ सेवाश्रम तथा बाल कारागार में असहाय मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। हथियागढ़ कुष्ठ आश्रम में वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी है। ऑडिटोरियम में तिरंगा संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले बाजारों में भी रौनक देखने को मिली है, जहां तिरंगे की मांग बढ़ गई है। दुकानों पर तिरंगे, टोपी और फिरकी की बिक्री में तेजी आई है। खादी के तिरंगे 55 रुपये से लेकर 880 रुपये तक में उपलब्ध हैं। तिरंगा टोपी 30 से 55 रुपये और फिरकी लगभग 30 रुपये में बिक रही है। बच्चों से लेकर युवाओं तक में तिरंगा खरीदने को लेकर खासा उत्साह है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *