भास्कर संवाददाता | उज्जैन उज्जैन पुलिस विभाग के ईओडब्ल्यू में उपनिरीक्षक अशोक राव सावंत को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर मुख्यमंत्री व डीजीपी के हाथों राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस विभाग में 32 साल की नौकरी के दौरान अब तक एक भी सजा और निंदा राव को नहीं मिली। हमेशा उनकी एसीआर ग्रेडिंग ए प्लस रही। नौकरी के दौरान आउट स्टैंडिंग परफार्मेंस रही। बतौर कांस्टेबल पुलिस विभाग में भर्ती हुए राव ने 10 अंधे कत्लों की गुत्थी सुलझाने में भी अहम भूमिका निभाई। पुलिस विभाग की तरफ से उन्हें कुल 237 रिवार्ड अभी दिए हैं, इनमें 150 कैश और 87 कमेंडेशन रिवार्ड शामिल हैं। इसलिए चयन राष्ट्रपति पदक के लिए हुआ। दो दिन पहले ही रिहर्सल के लिए उन्हें भोपाल बुलाया गया।


