हड़ताल के बीच कचरा उठाने पहुंची टीम का घेराव:फतेहाबाद नगर परिषद ईओ की अपील; कूड़े के ढेर में शहर तब्दील

हड़ताल के बीच कचरा उठाने पहुंची टीम का घेराव:फतेहाबाद नगर परिषद ईओ की अपील; कूड़े के ढेर में शहर तब्दील

फतेहाबाद शहर में नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी है। इसके चलते पूरा शहर कूड़े के ढेर में तब्दील हो गया है। स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर को साफ करने की प्रशासन की कोशिशें तब नाकाम हो गईं, जब कचरा उठाने पहुंची नगर परिषद की टीम को हड़ताली कर्मचारियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। दरअसल, 15 अगस्त के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने डंपिंग यार्ड से ट्रैक्टर-ट्रालियां मंगवाकर विभिन्न कचरा पॉइंट्स से कूड़ा उठाना शुरू किया था। जैसे ही हड़ताली कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिली, वे तुरंत भूना रोड स्थित कचरा पॉइंट पर इकट्ठा हो गए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ट्रालियों पर चढ़कर नगर परिषद का घेराव ट्रैक्टर-ट्रालियों के मौके पर पहुंचते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कर्मचारियों ने ट्रैक्टरों और ट्रालियों पर चढ़कर नगर परिषद की टीम का घेराव किया और हंगामा किया। मौके पर मौजूद नगर परिषद के ईओ सुरेश चौहान ने कर्मचारियों से स्वतंत्रता दिवस का हवाला देते हुए अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपने स्तर पर शहर को स्वच्छ बनाने की कोशिश कर रहा है, ताकि आजादी का पर्व साफ-सुथरे माहौल में मनाया जा सके। ईओ की अपील का नहीं पड़ा प्रभाव हालांकि, ईओ की अपील का कर्मचारियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। हड़ताली कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक वे काम नहीं होने देंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि सरकार उनकी मांगें मान लेती है, तो वे 15 अगस्त से पहले पूरे शहर को साफ कर देंगे। सफाई व्यवस्था बिगड़ने का खतरा कर्मचारियों के अड़ियल रुख और लगातार बढ़ते हंगामे को देखते हुए आखिरकार नगर परिषद की टीम को बिना कचरा उठाए ही बेरंग वापस लौटना पड़ा। इसके बाद कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर सड़क पर लंबा प्रदर्शन किया, जिससे भूना रोड पर काफी देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे कचरे के ढेर और बेनतीजा रही प्रशासनिक कोशिशों के बीच स्वतंत्रता दिवस के आयोजन पर सफाई व्यवस्था को लेकर काले बादल मंडरा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *