गोंडा में वजीरगंज पुलिस ने गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस ने दो शातिर चोरों कुलभूषण और छोटू उर्फ ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से गोंडा के वजीरगंज, नगर कोतवाली और अयोध्या में हुई चोरियों का करीब 12 लाख रुपए का सामान बरामद हुआ है। बरामद सामान में पीतल-स्टील के बर्तन, डीजे मशीन, साउंड मिक्सर, लाइटें और अन्य उपकरण शामिल हैं। अयोध्या से चोरी की गई एक बाइक भी मिली है। डीजे की दुकान में दीवार काटकर चोरी पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त की रात आरोपियों ने नगर कोतवाली क्षेत्र के बावरिया दुर्जनपुर स्थित डीजे की दुकान को निशाना बनाया था। दुकान के पीछे की दीवार काटकर अंदर घुसे और डीजे मशीन, साउंड मिक्सर और महंगी लाइटें चोरी कर ले गए। बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर बर्तन चुराए 12 अगस्त की रात वजीरगंज थाना क्षेत्र के मुरावन पुरवा कोटा में बंद कमरे का पिछला दरवाजा तोड़कर पीतल और स्टील के बर्तन चोरी किए गए थे। पुलिस ने इन घटनाओं की जांच के दौरान दोनों आरोपियों को चिह्नित किया। जंगल के पास चेकिंग में पकड़े गए गुरुवार को मनकापुर-नवाबगंज रोड पर उंटघाट पुल से पहले जंगल के किनारे पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और अयोध्या से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को गोंडा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दोनों के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि दोनों आरोपी शातिर चोर हैं और लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। कुलभूषण के खिलाफ गोंडा के अलग-अलग थानों में चोरी के आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, छोटू उर्फ ओमप्रकाश के खिलाफ गोंडा और बस्ती में चोरी समेत 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


