सोनीपत में गोहाना शुगर मिल की प्रबंध निदेशक (एमडी) अंकिता वर्मा ने गुरुवार को लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर के दौरान सभी विभागों के अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। एमडी वर्मा ने जोर दिया कि शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत दर्ज कराने के बाद किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और उसका समाधान अवश्य हो, ताकि समाधान शिविर आयोजित करने का उद्देश्य पूरा हो सके। समाधान शिविर में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। समय अवधि में समाधान के दिए निर्देश अंकिता वर्मा ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निश्चित समय अवधि में उनके समाधान के निर्देश दिए। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से गांव अकबरपुर बारोटा से इंतकाल (म्यूटेशन) करवाने की शिकायत शामिल थी, जिस पर एमडी ने तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आर्थिक सहायता देने की अपील इसके अतिरिक्त, गांव राठधाना से एक शिकायतकर्ता ने बरसात के कारण मकान गिरने और पशुओं के दबकर मरने से हुए नुकसान के लिए आर्थिक सहायता की अपील की। इस पर एमडी अंकिता वर्मा ने संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फैमिली आईडी और पेंशन से जुड़ी मिली शिकायतें अन्य शिकायतों में फैमिली आईडी में गलत रिकॉर्ड को ठीक करवाने और बंद हुई बुढ़ापा पेंशन को फिर से चालू करवाने से संबंधित मामले भी दर्ज किए गए। परिवार पहचान पत्र और पेंशन विभाग से जुड़ी अन्य शिकायतें भी प्राप्त हुईं। शिविर में एसीपी भी रहे शामिल सभी शिकायतों की सुनवाई करते हुए अंकिता वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को यह भी निर्देश दिया कि वे समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत का तत्परता के साथ निवारण करें। इस अवसर पर एसीपी राजपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


