नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर बैठे 13 गोवंशों को रौंद दिया। हादसा ग्राम ढिलवार के पास जलसा ढाबा के पास हुआ। हादसे में 10 गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हैं। घटना की सूचना मिलने पर तेंदूखेड़ा पुलिस और गो संरक्षण अभियान से जुड़े पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। गोवंशों की मौत के बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए NH-45 पर चक्काजाम कर दिया। गौसंगक्षक बोले-पहले भी प्रशासन को ज्ञापन दिया था प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी को लेकर पहले भी प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। VHP पदाधिकारियों ने NH-45 पर आपातकालीन सुरक्षा के लिए तैनात 1033 वाहन सेवा की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि रात और तड़के सड़क पर बड़ी संख्या में मवेशी बैठे रहते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। तस्वीरे देखिए… SDM के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त चक्काजाम की सूचना मिलने पर तेंदूखेड़ा SDM पूजा सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। SDM ने उचित कार्रवाई और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम का आश्वासन दिया। इसके बाद विहिप कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात सुचारू हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घायल गोवंशों के उपचार के लिए पशु चिकित्सकों की टीम को मौके पर तैनात किया गया है।


