कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में 29 साल के अंकित सोनवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। जांच के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला बताया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना वाले दिन अंकित शराब के नशे में घर पहुंचा और अपने कमरे में चला गया। कमरे में उसकी पत्नी प्रिया भी मौजूद थी। कुछ देर बाद अंकित अचानक गिर पड़ा और उसके पैर में चाकू लग गया। इससे काफी खून बहने लगा। पत्नी की आवाज सुनकर छोटा भाई आशीष और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। परिजन अंकित को एसईसीएल के विभागीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे निजी अस्पताल रेफर किया। हालांकि, निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बीमारी के कारण ज्यादा बहा खून कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अंकित की मौत पैर में चाकू लगने से ज्यादा खून बहने के कारण हुई। इससे उसका ब्लड प्रेशर काफी कम हो गया था। मेडिकल जांच में यह भी सामने आया कि अंकित को ऐसी बीमारी थी, जिसमें खून का थक्का बनने में ज्यादा समय लगता था। इससे रक्तस्राव और बढ़ गया। घरेलू विवाद में पत्नी ने मारा चाकू पुलिस जांच में सामने आया कि अंकित शराब पीने के बाद अक्सर पत्नी से मारपीट करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में प्रिया ने अंकित के पैर में चाकू मार दिया। चोट लगने के बाद उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया, जिससे काफी खून बह गया। पत्नी गिरफ्तार, जेल भेजा गया पुलिस ने आरोपी प्रिया सोनवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


