अलवर में जमीन की प्लॉटिंग और निवेश के नाम पर 2 लाख 48 हजार 200 रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रामगढ़ क्षेत्र के सहजपुर नंगली निवासी फारूख खान ने आरोपी रोहतक निवासी नवीन सैनी, राजबाला और मीना कुमारी के खिलाफ शहर के कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार मीना कुमारी ने फारूख से संपर्क कर बताया था कि वह रोहतक की M/s PNS Associates कंपनी से जुड़ी है। आरोप है कि कंपनी जमीन खरीदकर प्लॉटिंग करती है और इसमें निवेश करने वालों को 11 प्रतिशत मासिक रिटर्न देने का भरोसा दिया जाता है। निवेश की सुरक्षा के लिए भूखंड का एग्रीमेंट और रकम वापसी के लिए एडवांस चेक देने की बात भी कही गई। होटल में कराई थी मुलाकात 25 नवंबर 2025 को अलवर के महाराजा होटल में फारूख की मुलाकात नवीन सैनी और राजबाला से कराई गई। आरोपियों ने अलवर में जमीन खरीदकर प्लॉटिंग का काम शुरू करने की योजना बताई। इसके बाद 26 जनवरी 2026 को ग्राम घेघोली के खसरा नंबर 430, 431 और 432 में 1050 वर्गगज जमीन के 10 प्लॉट खरीदने और इसके लिए 36.75 लाख रुपए का भुगतान किए जाने की बात कही गई। इन्वेस्ट के रुपए और रिटर्न नहीं मिला आरोप है कि भरोसे में लेकर फारूख से उसके बैंक खाते से 1 लाख 76 हजार 200 रुपए और उसकी पत्नी फाईमन बेगम के खाते से 72 हजार रुपए नवीन सैनी के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए गए। कुल 2 लाख 48 हजार 200 रुपए लेने के बाद सुरक्षा के तौर पर नवीन सैनी ने अपने फेडरल बैंक, रोहतक खाते का 3 लाख रुपए का चेक भी दिया। परिवादी का आरोप है कि उसे न तो निवेश की राशि वापस मिली और न ही 11 प्रतिशत मासिक रिटर्न दिया गया। दूसरे मामले में पहले से जेल में है नवीन आरोपी नवीन सैनी पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में है। कोतवाली थाना पुलिस ने उसे एक अन्य प्लॉट से जुड़े करीब 12 लाख 75 हजार रुपए की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब नवीन के खिलाफ सामने आए इस नए परिवाद/मामले के बाद पुलिस इस प्रकरण से जुड़े तथ्यों और अन्य आरोपों की भी जांच में जुट गई है। परिवाद में फारूख ने आरोप लगाया है कि नवीन सैनी, राजबाला और मीना कुमारी ने आपस में मिलीभगत कर निवेशकों को झूठे आश्वासन दिए और रकम हासिल की। परिवाद में कई अन्य लोगों से भी रकम लिए जाने का उल्लेख किया गया है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया में होगी।


