मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में भोपाल-विदिशा फोरलेन परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। परियोजना के तहत स्टेट हाईवे-18 के भोपाल से विदिशा तक के 44.83 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन में अपग्रेड किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 1,757.55 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। मौजूदा दो-लेन सड़क को पेव्ड शोल्डर के साथ फोरलेन बनाया जाएगा। यह मार्ग भोपाल से दीवानगंज, सलामतपुर और साँची होते हुए विदिशा तक जाता है। तीन जगह बनेंगे बायपास परियोजना के तहत यातायात का दबाव कम करने के लिए कुल 8.25 किलोमीटर लंबे तीन बायपास भी बनाए जाएंगे। इनमें सूखी सेवनिया में 1.80 किमी, बेरखेड़ी में 1.35 किमी और सलामतपुर में 5.10 किमी लंबा बायपास शामिल है। इन बायपास के निर्माण से शहरी और आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों का दबाव कम होगा। इससे जाम की समस्या घटने के साथ वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी। दो लेन की क्षमता से ज्यादा है ट्रैफिक भोपाल-विदिशा मार्ग पर वर्तमान में यातायात का दबाव करीब 10,975 पैसेंजर कार यूनिट (PCU) है। यह मौजूदा दो-लेन सड़क की क्षमता से अधिक है। इसी को देखते हुए मार्ग को फोरलेन में अपग्रेड करने की आवश्यकता महसूस की गई थी। परियोजना के लिए कृषि भूमि अधिग्रहण के मद में 140 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान भी किया गया है। साँची समेत पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर फोरलेन बनने से विश्व प्रसिद्ध साँची स्तूप, सतधारा और उदयगिरि समेत आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। भोपाल से आने वाले पर्यटकों के लिए साँची की कनेक्टिविटी बेहतर होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क सुविधा से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। विधायक प्रभुराम चौधरी ने जताया आभार साँची विधायक, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने परियोजना की मंजूरी पर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताते हुए कहा कि यह परियोजना साँची विधानसभा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी से क्षेत्र में विकास के नए अवसर पैदा होंगे। बता दें कि कैबिनेट बैठक में प्रदेश में कुल 47,990 करोड़ रुपए के विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इसी क्रम में भोपाल-विदिशा फोरलेन परियोजना को साँची विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी विकासात्मक सौगात माना जा रहा है।


