मुंबई की 24 वर्षीय बाइकर रिद्धि ठक्कर की छत्तीसगढ़ में दर्दनाक मौत, घर से 1000 km दूर हुआ भयानक हादसा

मुंबई की 24 वर्षीय बाइकर रिद्धि ठक्कर की छत्तीसगढ़ में दर्दनाक मौत, घर से 1000 km दूर हुआ भयानक हादसा

Riddhi Thakkar Mumbai Biker Death: छत्तीसगढ़ के बस्तर की बाइक ट्रिप पर निकली मुंबई की 24 वर्षीय बाइकर रिद्धि ठक्कर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। धमतरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मरकाटोला घाट के पास बुधवार सुबह उनकी बाइक की ट्रेलर से टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल रिद्धि को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

23 लोगों के ग्रुप के साथ बस्तर जा रही थीं रिद्धि

रिद्धि ठक्कर मुंबई के कांदिवली (पश्चिम) की रहने वाली थीं और उन्हें बाइकिंग तथा लंबी दूरी की राइडिंग का खासा शौक था। वह करीब 23 लोगों के बाइकिंग ग्रुप के साथ रायपुर से बस्तर की ओर जा रही थीं। हादसे के वक्त ग्रुप के कई सदस्य आगे निकल चुके थे और रिद्धि कुछ साथियों के साथ पीछे रह गई थीं।

सुबह करीब 6 बजे हुआ भीषण हादसा

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे मरकाटोला घाट के पास रिद्धि की बाइक की ट्रेलर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके साथ मौजूद साथी तुरंत उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए।

पहले उन्हें चारामा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण वहां से उन्हें धमतरी के श्रीराम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रेलर की पहचान करने के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस बाइकिंग ग्रुप के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है ताकि हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

हादसे से करीब 15 घंटे पहले की थी आखिरी पोस्ट

रिद्धि सोशल मीडिया पर अपनी बाइकिंग और ट्रैवलिंग से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो शेयर करती थीं। हादसे से करीब 15 घंटे पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘Let’s Explore Bastar’ लिखकर अपनी यात्रा को लेकर उत्साह जाहिर किया था। लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।

रिद्धि करीब तीन साल से बाइक राइडिंग कर रही थीं। उनकी अचानक मौत की खबर से मुंबई में मौजूद परिवार टूट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *