मऊ जिले के रानीपुर ब्लॉक में बुधवार को सुबह 11 बजे तिरंगा यात्रा के दौरान जनता इंटर कॉलेज की 10 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। अत्यधिक उमस और तेज धूप के कारण छात्राओं को चक्कर आने लगे और वे बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद सात छात्राओं की हालत में सुधार हुआ और उन्हें छुट्टी दे दी गई। हालांकि, तीन छात्राओं – उजाला यादव (पुत्री शिवप्रसाद), मनीषा यादव (पुत्री सूबेदार यादव) और सुनैना (पुत्री संजय) – का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है। डॉक्टर डीपी यादव ने बताया कि छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का कारण अत्यधिक उमस, तेज धूप और डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) था। सभी प्रभावित छात्राओं को ड्रिप और आवश्यक इंजेक्शन दिए गए हैं। डॉक्टर के अनुसार, अस्पताल में भर्ती तीनों छात्राओं की हालत अब खतरे से बाहर है। वे चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनका इलाज जारी है। इस मामले पर आधिकारिक टिप्पणी के लिए दैनिक भास्कर ने जिला विद्यालय निरीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। जिला विद्यालय निरीक्षक का बयान मिलने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।


