जयपुर के लालकोठी थाना क्षेत्र में अंतरिम जमानत पर रिहा एक विचाराधीन बंदी के फरार होने का मामला दर्ज किया गया है। जिला कारागृह जयपुर के मुख्य प्रहरी हरीश कुमार मीणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। रिपोर्ट के अनुसार, विचाराधीन बंदी पंकज कुमार जो वर्तमान में मुरलीपुरा स्थित सीरियल कॉलोनी में किराए पर रह रहा था। उसको अंतरिम जमानत पर रिहा किया गया था। निर्धारित तिथि और समय पर 10 अगस्त को सुबह 10 बजे सेंट्रल जेल जयपुर में स्वयं उपस्थित होकर आत्मसमर्पण करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जमानत अवधि समाप्त होने के बाद भी वह जेल नहीं पहुंचा। बंदी के निर्धारित समय पर आत्मसमर्पण नहीं करने पर जिला कारागृह प्रशासन ने इसे फरारी मानते हुए लालकोठी थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस फरार बंदी की तलाश में जुटी है।


